बुधवार, 11 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

मूसाखेड़ी में सीएम राइज स्कूल का काम कागजों में उलझा

इंदौर।

मूसाखेड़ी में सीएम राइज स्कूल का काम कागजों में उलझा

इंदौर। मूसाखेड़ी में टैंपो स्टैंड चौराहे के पास सरकारी स्कूल की जगह पर बनने वाले सीएम राइज स्कूल (अब सांदीपनी विद्यालय) का काम लंबे समय से जगह के चक्कर में कागजों में उलझा पड़ा है। जगह की कमी के कारण सालों से मूसाखेड़ी में लगभग 25 करोड़ की लागत से बनने वाली सीएम राइज स्कूल बिल्डिंग निर्माण का काम अटका पड़ा है। जबकि शहर में अन्य जगह नवीन स्कूल बिल्डिंग के नव निर्माण कार्य तेजी के साथ चल रहे हैं। यही नहीं कई जगह तो बनकर भी तैयार हो गए हैं। जबकि बाकी जगह भी बेहद जल्द इसी साल ज्यादातर जगह बिल्डिंग निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। जिसको लेकर वर्तमान में आईडीए अफसरों द्वारा पूरी प्लानिंग के साथ मल्हार आश्रम, नंदानगर और पाल कांकरिया सहित शिवनगर में सर्व सुविधा के साथ नवीन स्कूल बिल्डिंग का निर्माण तेजी के साथ करवाया जा रहा है ताकि अगले साल तक इन स्थानों पर चल रही स्कूल बिल्डिंग के संपूर्ण निर्माण कार्य जल्द पूरे हो जाए।

मूसाखेड़ी में जगह की कमी के कारण उलझा नई स्कूल बिल्डिंग का काम

गौरतलब है कि सीएम राइज योजना (अब सांदीपनी विद्यालय ) की करोड़ों रुपए लागत वाली नवीन स्कूल बिल्डिंग निर्माण का कार्य शहर में आईडीए (इंदौर विकास प्राधिकरण) द्वारा करवाया जा रहा है। जिसके तहत मूसाखेड़ी में सीएम राइज स्कूल के लिए क्षेत्र के जिस सरकारी स्कूल का चयन हुआ था। वहां जगह की कमी के चलते जिस तय माप दंड में आधुनिक सुविधाओं के साथ स्कूल बिल्डिंग का निर्माण कार्य किया जाना है वो नहीं हो पा रहा था। इसलिए यहां जगह की कमी के चलते प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया सहित प्रोजेक्ट से जुड़े आईडीए अफसरों द्वारा विकल्प के तौर पर कृषि महाविद्यालय की जमीन भी देखी गई थी। लेकिन यहां कृषि महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा इसका विरोध किया गया और जगह देने से इंकार कर दिया गया। इसके बाद से मामला ठंडे बस्ते में है। न प्रशासन इस मामले में कोई सुध ले रहा है और न जनप्रतिनिधि ध्यान दे रहे हैं। जिसके चलते अब हालात यह है कि आईडीए द्वारा शहर में अन्य जगह तो स्कूल बिल्डिंग का निर्माण कार्य तेजी के साथ करवाया जा रहा है, लेकिन मूसाखेड़ी में मिलने वाली सीएम राइज स्कूल की सौगात अधूरी रह गई। यहां जगह के चक्कर में अभी तक काम शुरू ही नहीं हो पाया।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 11 November 2026, पृष्ठ 8