कल मंगलवार को सभी सरकारी कार्यालय तो खुले थे लेकिन वहां से अधिकारी और कर्मचारी अमूमन गायब रहे। इन सभी सरकारी कार्यालय में कल छुट्टी का ही माहौल बना रहा। पंचांग में तिथि की घटबड़ होने के कारण बहुत सारे स्थान पर कल मंगलवार को गोवर्धन पूजा की गई। सरकारी तौर पर तो गोवर्धन पूजा सोमवार को अवकाश के दिन ही हो गई थी। उस दिन इंदौर में आकर महू तहसील के ग्राम आशापुरा में इंदौर नगर निगम के द्वारा जन सहयोग के साथ बनाई गई विशाल गौशाला का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया था। कल मंगलवार का दिन सरकारी तौर पर अवकाश का दिन नहीं था। ऐसे में सभी सरकारी कार्यालय बराबर नियम के अनुसार खुले हुए थे।
सरकारी कार्यालय खुला होने के बावजूद अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय नहीं पहुंचे। कुछ लोगों के द्वारा तो कल का आधिकारिक तौर पर अवकाश ले लिया गया था। जिन लोगों ने अवकाश नहीं लिया था वे लोग कार्यालय में आए और अपनी उपस्थिति दर्ज करा कर गायब हो गए। जो लोग कार्यालय में रुके हुए थे वह एक दूसरे को दीपावली के पर्व की बधाई देने और मिठाई खिलाने में ही लगे रहे। जिला कलेक्टर के द्वारा आज बुधवार के दिन को भाई दूज मानते हुए स्थानीय अवकाश के रूप में छुट्टी घोषित किया गया है। ऐसे में बहुत सारे कर्मचारी ने मंगलवार को छुट्टी मनाकर रविवार से बुधवार तक त्यौहार का आनंद लेने की व्यवस्था कर ली। सभी कार्यालय में अधिकारी भी केवल नाम के लिए थोड़ी देर के लिए पहुंचे थे उसके बाद में गायब हो गए। इन अधिकारियों के द्वारा वापस कार्यालय में जाकर पेंडिंग काम निपटाना अथवा जनता की शिकायत सुनने में कोई रुचि नहीं ली गई।
ना शिकायत करने वाले आए ना सुनने वाले बैठे थे
कल सरकारी कार्यालय चालू होने के बावजूद छुट्टी का ऐसा माहौल था कि मंगलवार की जनसुनवाई में शिकायत करने वाले भी गिने चुने ही पहुंचे। इसके साथ ही जनसुनवाई में शिकायत सुनने के लिए अधिकारी भी गिने चुने ही बैठे थे। हालत यह थी कि ना तो शिकायत करने वाले आए थे और नहीं शिकायत सुनने वाले बैठे थे। नगर निगम की जनसुनवाई से आयुक्त क्षितिज सिंघल गायब थे तो अधिकांश अपर आयुक्त भी इस जनसुनवाई में मौजूद नहीं थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




![[हटाएं – 17900 में जोड़ दिया] मामूली बात पर युवक से मारपीट](https://cityblast.in/wp-content/uploads/2026/10/cbs-fallback-crime-v3-640x360.jpg)
