बुधवार, 11 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

इंदौर के तालाबों में नर्मदा का पानी कैसे पहुंचे, सर्वे शुरू

इंदौर नगर निगम नर्मदा-गंभीर लिंक लाइन से बिलावली तालाब भरने की तैयारी में है। सर्वे शुरू, योजना ओंकारेश्वर डैम से पानी छोड़ने पर निर्भर।

अल्प वर्षा के कारण शहर में जल उपलब्धता को लेकर नगर निगम ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। गर्मी में सुचारू जलापूर्ति बनाए रखने के लिए अब नर्मदा-गंभीर लिंक परियोजना की लाइन के माध्यम से बिलावली तालाब को भरने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके लिए नगर निगम का जलकार्य विभाग सर्वे कर रहा है। सर्वे में कंसल्टेंट एजेंसी की मदद ली जा रही है। राऊ तालाब से बिलावली तालाब तक पानी पहुंचाने के लिए लाइन की स्थिति, उपलब्ध चैनल और पानी पहुंचाने के व्यावहारिक विकल्पों का तकनीकी अध्ययन किया जा रहा है।

नगर निगम ने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण और कंसल्टेंट से शुरू की चर्चा

तालाब भरने के लिए क्या-क्या व्यवस्थाएं करनी होंगी, इस पर भी अधिकारियों और कंसल्टेंट के बीच चर्चा चल रही है। निगम की कोशिश है कि जरूरी तैयारियां पूरी होते ही तालाब में पानी पहुंचाने का काम शुरू किया जा सके।

लाइन चालू होने की स्थिति पर भी नजर

बिलावली तालाब को भरने की योजना काफी हद तक नर्मदा-गंभीर लिंक परियोजना की लाइन चालू होने पर निर्भर करेगी। नगर निगम अधिकारी इस संबंध में नर्मदा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से लगातार बातचीत कर रहे हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से पहले यह कहा गया है कि रबी की फसल के लिए पानी सप्लाई करने के दौरान तालाबों में नर्मदा का पानी छोड़ने की अनुमति दी जा सकती है। ऐसे में निगम को लाइन के संचालन और पानी उपलब्ध होने की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।

ओंकारेश्वर डैम से पानी छोड़ने पर निर्भर रहेगी योजना

नर्मदा का जलस्तर फिलहाल कम है। इसकी एक वजह ओंकारेश्वर डैम से पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा जाना भी है। आगामी दिनों में डैम से कितनी मात्रा में पानी छोड़ा जाता है, इसी के आधार पर नर्मदा विकास प्राधिकरण की ओर से पानी सप्लाई और तालाबों को भरने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि पर्याप्त पानी उपलब्ध होता है और लाइन संचालन की अनुमति मिलती है तो बिलावली तालाब में पानी पहुंचाने का काम जल्द शुरू हो सकता है।

गर्मी से पहले जल संग्रहण बढ़ाने की तैयारी

नगर निगम का फोकस अभी से शहर के जलस्रोतों में उपलब्ध पानी बढ़ाने पर है, ताकि गर्मी के दिनों में जलापूर्ति पर दबाव कम किया जा सके। बिलावली तालाब को नर्मदा के पानी से भरने की योजना इसी तैयारी का हिस्सा है। हालांकि, इसका क्रियान्वयन पानी की उपलब्धता, लाइन चालू होने और जरूरी तकनीकी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद ही संभव होगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 11 November 2026, पृष्ठ 4