जीपीओ से सरवटे बस स्टैंड तक बनने वाली सड़क निर्माण से पहले यहां ड्रेनेज और स्टॉर्म वॉटर लाइन डालने का काम वर्तमान में इन दिनों तेजी के साथ चल रहा है। यही नहीं निगम द्वारा बड़ी लाइन डालने का यह काम महीनेभर पहले से सरवटे बस स्टैंड की ओर नसिया रोड से शुरू कर दिया था। वहीं अब लाइन डालने के लिए छावनी दाल चांवल मार्केट के पास राज टॉकीज के सामने भी जल्द लाइन डालने का काम शुरू होने वाला है।
मंडी गेट के पास वाली गली तक पहुंचा खुदाई का काम
जबकि अभी भारतीय स्टेट बैंक से आगे मंडी गेट वाली गली तक खुदाई का काम पहुंच गया है। यही नहीं इससे संकरी सड़क पर खुदाई से ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति भी अभी से बनने लगी है। इधर खुदाई कर बड़ी स्टॉर्म वॉटर और ड्रेनेज लाइन डालने का काम अब इस हिस्से में तेजी के साथ शुरू हो गया है। इसके अलावा बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में दिसंबर माह के अंत तक बेहद जल्द जीपीओ तक लाइन डालने का काम पूरा करवाने की प्लानिंग सड़क प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों की है। इसके बाद नए साल की शुरुआत में जीपीओ से सरवटे मुख्य सड़क निर्माण और चौड़ीकरण कार्य भी जल्द शुरू कर दिया जाएगा। जिसका फायदा भविष्य में लोगों को दोनों सड़क बनने के बाद मिलेगा।
मधुमिलन से छावनी पुलिया तक सड़क निर्माण कार्य अंतिम दौर में
गौरतलब है कि वर्तमान में मधुमिलन से छावनी जगन्नाथ सेतु पुल तक सड़क निर्माण का कार्य अब एकदम अंतिम दौर में चल रहा है। मुख्य रूप से दोनों तरफ के आखरी कोने वाले हिस्से का काम बचा है। मधुमिलन चौराहे से पहले दवा बाजार के पास शेष बचा लाइन डालने का काम इन दिनों देर रात में भी तेजी के साथ हो रहा है। इसके अलावा जगन्नाथ धर्मशाला के सामने के हिस्से में भी अंतिम दौर का काम इन दिनों पूरा किया जा रहा है। जबकि बाकी जगह सड़क निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। सड़क प्रोजेक्ट से जुड़े अफसरों का कहना है कि दिसंबर अंत तक बचे काम पूरे कर लिए जाएंगे इसके बाद आने वाले दिनों में जीपीओ से सरवटे सड़क से बाधक निर्माण हटाकर यहां भी सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 29 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





