नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कल मास्टर प्लान सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया था। सदर बाजार से गुटकेश्वर महादेव मंदिर के मध्य निर्माणाधीन सड़क का भी निरीक्षण किया और कहा कि पुलिया को छोड़कर शेष काम 15 जनवरी तक किसी भी हालत में पूर्ण कर लिए जाए। निर्माण काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। आयुक्त द्वारा किला मैदान तिराहे से जिंसी चौराहे तक तथा जिंसी चौराहे से नेमीनाथ चौराहे तक मास्टर प्लान के अंतर्गत किए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नेमीनाथ चौराहे से जिंसी चौराहे तक फुटपाथ निर्माण कार्य को छोड़कर शेष सड़क निर्माण कार्य आगामी 20 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। इसी क्रम में आयुक्त श्री सिंघल द्वारा कंडिलपुरा से टाटा स्टील चौराहे के मध्य प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने सड़क निर्माण में बाधक पेड़ों का नियमानुसार ट्रांसप्लांटेशन कराने तथा निर्माण कार्य में बाधक विद्युत पोलों की शिफ्टिंग शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान अधिकारी अभय राजनगांवकर, पीएस कुशवाह, नरेश जायसवाल भी मौजूद रहे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 29 November 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



