इंदौर की सिटी बस कंपनी के द्वारा प्राइवेट सेक्टर को पार्टनर बनाकर शहर में तीन स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इन स्टेशनों को बनाने में 6.5 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सिटी बस कंपनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्थ जैन ने बताया कि पिछले काफी समय से शहर में चार्जिंग स्टेशन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। अब बड़ी संख्या में इंदौर शहर में इलेक्ट्रिक बसें चलनी शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही इंदौर से दूसरे शहरों के लिए भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में इन बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इस आवश्यकता की पूर्ति के लिए प्राइवेट सेक्टर की पार्टनरशिप से इंदौर शहर में तीन स्थानों पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनाने का फैसला लिया गया है। इसमें चंदन नगर में करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से यह स्टेशन बनाया जाएगा जबकि रसोमा चौराहे के पास में 2.5 करोड़ रुपए की लागत से चार्जिंग स्टेशन का निर्माण किया जाना है। इसके साथ ही रिंग रोड पर वेलोसिटी टॉकीज के पास भी 2 करोड़ रुपए की लागत से यह स्टेशन बनाया जाना है। इन सभी स्थानों पर स्टेशन का निर्माण करने में 5 महीने का वक्त लगेगा। यह कार्य प्राइवेट सेक्टर की पार्टनरशिप से किया जाना है। इसके तहत प्राइवेट प्लेयर के द्वारा चार्जिंग स्टेशन के निर्माण में खर्च होने वाली राशि लगाई जाएगी। जब चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो जाएगा तो फिर इसका संचालन करते हुए चार्जिंग के लिए आने वाली बसों से शुल्क लेकर निजी क्षेत्र के पार्टनर द्वारा अपनी लागत निकाली जाएगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 29 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




