मुख्य बातें
- नगर निगम के 311 ऐप से ऑन डिमांड कचरा गाड़ी बुलाई जा सकेगी
- घर के आयोजन, मैरिज गार्डन, होटल-रेस्टोरेंट, दफ्तर और पार्क का कचरा उठेगा
- निजी एजेंसी उठाएगी कचरा, मात्रा के हिसाब से लगेगा शुल्क
- आज MIC बैठक में 31 प्रस्ताव और 11 नामकरण प्रस्ताव
- पेड पार्किंग का प्रस्ताव एजेंडे से बाहर
शहर की सफाई व्यवस्था में अब निजी भागीदारी बढ़ाने की तैयारी है। नगर निगम घरों, होटल-रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन, कार्यालयों, कॉरपोरेट संस्थानों, पार्कों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से मांग के आधार पर कचरा उठवाने की सुविधा शुरू करने जा रहा है।
इसके लिए निजी एजेंसी का चयन किया जाएगा। आयोजन या संस्थान में जमा कचरा उठवाने के लिए नगर निगम के 311 ऐप के माध्यम से मांग दर्ज कराई जा सकेगी।
कचरे की मात्रा के हिसाब से परिवहन शुल्क लिया जाएगा। शनिवार को होने वाली महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
बैठक में कुल 31 प्रस्तावों के साथ 11 नामकरण प्रस्ताव भी रखे गए हैं।
311 ऐप से बुक होगी कचरा उठाने की सुविधा
नगर निगम अब नियमित कचरा संग्रहण के अलावा जरूरत के मुताबिक कचरा उठाने की व्यवस्था भी करने जा रहा है। घरों में छोटे आयोजन, मैरिज गार्डन, होटल-रेस्टोरेंट, हॉस्टल, पार्क, कार्यालय या कॉरपोरेट संस्थानों में अधिक मात्रा में कचरा निकलने पर निजी एजेंसी के माध्यम से उसे उठवाया जा सकेगा।
इसके लिए एजेंसी चयन का प्रस्ताव रखा गया है। निगम कचरे की मात्रा के अनुसार शुल्क तय करेगा।
इससे लोगों को आयोजन के बाद कचरा हटवाने के लिए अलग से व्यवस्था करने की जरूरत नहीं होगी और शहर में खाली प्लॉटों या सड़कों पर कचरा फेंकने की समस्या रोकने में भी मदद मिलेगी।

पानी, यातायात और आवास से जुड़े प्रस्ताव
बैठक में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए 33 नए टैंकर खरीदने, कम बारिश के कारण 300 नए नलकूप लगाने तथा 100 पुराने नलकूपों पर मोटर पंप लगाने के लिए बजट पुनर्विनियोजन पर चर्चा होगी। नर्मदा जलप्रदाय योजना के 180 एमएलडी क्षमता वाले संयंत्र के संचालन-संधारण की अवधि एक वर्ष बढ़ाने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए कॉल सेंटर शुरू करने का प्रस्ताव भी है।

4 नए फुट ओवर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव
यातायात सुधार के लिए 10 चौराहों पर 140 नए विज्ञापन गैंट्री लगाने और 15 साल के विज्ञापन अधिकारों के बदले चार नए फुट ओवरब्रिज बनाने की अनुमति देने संबंधी प्रस्ताव रखे गए हैं। शहर के बस स्टेशनों और फुट ओवरब्रिजों पर विज्ञापन के अधिकार देने के प्रस्ताव पर भी विचार होगा।
एजेंडे से गायब हुआ पेड पार्किंग का प्रस्ताव
सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर पार्किंग शुल्क वसूलने के लिए एमआईसी में प्रस्ताव रखने की तैयारी की जा रही थी लेकिन महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा पार्किंग शुल्क नहीं लिए जाने के निर्णय के बाद अधिकारियों ने इस प्रस्ताव को एमआईसी बैठक में फिलहाल रखना उचित नहीं समझा और एमआईसी एजेंडे से यह प्रस्ताव फिलहाल बाहर कर दिया गया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 28 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






