बुधवार, 14 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

बुजुर्ग दम्पति से मारपीट, नींबू पानी पिलाते समय दुकानदार और बेटे ने किया हमला

इंदौर। एमजी रोड थाना क्षेत्र में कृष्णपुरा छतरी के सामने तबीयत खराब होने पर पत्नी को नींबू पानी पिलाने के लिए गाड़ी रोक रहे एक बुजुर्ग दम्पति के साथ दुकान…

इंदौर। एमजी रोड थाना क्षेत्र में कृष्णपुरा छतरी के सामने तबीयत खराब होने पर पत्नी को नींबू पानी पिलाने के लिए गाड़ी रोक रहे एक बुजुर्ग दम्पति के साथ दुकान संचालक और उसके बेटे ने बेरहमी से लात-घूंसों से मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने महिला को भी धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना एमजी रोड थाना क्षेत्र के कृष्णपुरा छतरी के सामने स्थित प्रिंस शू पैलेस दुकान के पास घटी। फरियादी नरेन्द्र पिता अर्जन सिंह कुशवाह (63) निवासी विजय नगर ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित नरेन्द्र ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी की अचानक तबीयत खराब हो गई थी और उन्हें घबराहट महसूस हो रही थी। अपनी पत्नी को नींबू पानी पिलाने के लिए वे प्रिंस शू पैलेस की दुकान के सामने वाली सड़क पर पहुंचे, जहां पहले से ही अन्य गाड़ियां भी खड़ी थीं। जब वे वहां अपनी गाड़ी खड़ी करने लगे, तभी प्रिंस शू पैलेस का दुकानदार और उसका बेटा चिल्लाते हुए वहां आ गए और गालियां देने लगे। जब फरियादी ने उन्हें गाली देने से मना किया, तो दोनों आरोपियों ने मिलकर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में बुजुर्ग नरेन्द्र के पेट, पीठ, हाथ और पैरों में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। इस दौरान जब उनकी पत्नी बीच-बचाव करने के लिए आगे आईं, तो आरोपियों ने उन्हें भी जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वे सड़क पर गिर गईं। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी मोहन भाटिया और प्रफुल्ल भाटिया दोनों निवासी खातीवाला टैंक के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 14 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 9