अगर किसी समस्या का कारण ज्ञात नहीं हो और उसका स्वरूप जटिल होता जाए, तो उसके संदर्भों को समझा जा सकता है। मगर इससे बड़ी विडंबना क्या होगी कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते वैश्विक ताप के मसले पर दुनिया लंबे समय से चिंता जता रही है, उसके कारणों पर दशकों से बात हो रही है, इसके समाधान के रास्तों की तस्वीर भी साफ है, मगर स्थिति दिनोंदिन बिगड़ती जा रही है। खासतौर पर धनी और विकसित देशों में जलवायु परिवर्तन और उसकी वजहों को लेकर चिंता जताई जाती है, लेकिन उससे निपटने के मामले में गंभीरता नहीं दिखती। यह बेवजह नहीं है कि वैश्विक ताप का असर अब हर जगह स्पष्ट होकर सामने आने लगा है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन की एक ताजा रपट के मुताबिक वर्ष 2026 को ज्ञात मौसम इतिहास के चार सबसे गर्म वर्षों में से एक बताया गया है। गौरतलब है कि इस वर्ष जनवरी से सितंबर के बीच की अवधि में वैश्विक औसत तापमान पूर्व औद्योगिक काल के मुकाबले 1.47 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। हालांकि 2026 में तापमान में बढ़ोतरी की एक अहम वजह अल-नीनो के प्रभाव को बताया जा रहा है, जो बीते अगस्त से लगातार जोर पकड़ रहा है और दिसंबर तक इसके सबसे शक्तिशाली स्तर पर पहुंचने की आशंका है। मगर मौसम में इस तरह के उतार-चढ़ाव का सिरा भी वास्तव में उन्हीं कारकों से जुड़ा है, जिसे दुनिया भर में विकास के नाम पर बढ़ावा दिया जा रहा है। यह छिपा नहीं है कि तापमान में बढ़ोतरी और फिर उसकी वजह से मौसम में उथल-पुथल का एक चक्र बनता है, जिसमें सभी कड़ियां एक दूसरे से जुड़ी होती हैं। मगर जब इसके लिए जिम्मेदार कारकों में मानवीय गतिविधियों और विकास की कसौटियों की बात आती है, तो पर्यावरण का सवाल हाशिये पर चला जाता है। वैश्विक ताप या जलवायु परिवर्तन के लिए सबसे मुख्य जिम्मेदार कार्बन उत्सर्जन को ठहराया जाता है। मगर सबसे ज्यादा कार्बन उत्सर्जन करने वाले विकसित देश आमतौर पर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं और इस मामले में पहलकदमी के साथ निर्वाह का दायित्व विकासशील देशों पर डाल देते हैं। यों पिछले कुछ समय से वैश्विक दक्षिण यानी विकासशील देशों की ओर से यह सवाल उठाया गया है कि जब तक समृद्ध और विकसित देश वैश्विक ताप के मसले पर बराबर की सहभागिता के लिए कदम नहीं बढ़ाते, तब तक इस समस्या के जाल से बाहर आना मुश्किल होगा। दरअसल, कहीं विकास के नाम पर जारी गतिविधियों, तो कहीं सांस्कृतिक पर्व-त्योहारों के मौके पर जिस तरह पर्यावरण पर संकट की फिक्र को हवा में उड़ाया जाता रहता है, उससे साफ है कि आबोहवा को लेकर हम वास्तव में चिंतित नहीं हैं, भले इसका खमियाजा भी हमें उठाना पड़ता है। वह चाहे नए साल के आगमन का मौका हो या कई समुदायों के अपने- अपने पर्व-त्योहार, उसमें मुख्य रूप से आतिशबाजी सहित अन्य अनेक ऐसी गतिविधियां होती हैं, जिनसे होने वाला प्रदूषण आखिर समूची दुनिया के लिए घातक साबित होता है। विचित्र यह है कि वैश्विक ताप और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं को दूर करने के लिए जो आयोजन होते रहते हैं, खुद उसमें ही जीवाश्म ईंधन के बेलगाम उपयोग के मसले की अनदेखी होती है। संकट के प्रति दिखने वाली चिंता और उसके कारणों को नजरअंदाज करने के बीच आखिर कैसी स्थिति बनेगी? ध्यान रखने की जरूरत है कि मौसम का गर्म रहना इसका सिर्फ एक प्रभाव है, दुनिया को इसके अलग-अलग असर का सामना करना पड़ सकता है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




![[हटाएं – 17900 में जोड़ दिया] मामूली बात पर युवक से मारपीट](https://cityblast.in/wp-content/uploads/2026/10/cbs-fallback-crime-v3-640x360.jpg)
