मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

दुकान पर सामान के पूरे पैसे मांगने पर महिला से मारपीट

दंपति और मां ने मिलकर पीटा, मसाले सड़क पर फेंके

इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के कुशवाह नगर में दुकान पर सामान के पूरे पैसे मांगने जैसी मामूली बात पर एक महिला दुकानदार के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट का मामला सामने आया है। पैसे कम देने का विरोध करने पर ग्राहक महिला, उसके पति और मां ने मिलकर न सिर्फ फरियादी महिला को गालियां दीं, बल्कि थप्पड़ मारकर उसके साथ हाथापाई भी की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने गुस्से में आकर दुकान में रखे मसाले के डिब्बे सड़क पर और पीड़िता के ऊपर फेंककर भारी नुकसान पहुंचाया। पुलिस के अनुसार फरियादी पवित्रा लोधी निवासी कमलाकेशर नगर ने थाने पहुंचकर आरोपी भावना कोरी, उसके पति राकेश कोरी और भावना की मां सभी निवासी कर्मा नगर, के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता पवित्रा ने पुलिस को बताया कि वह कुशवाह नगर स्थित अपनी दुकान पर मौजूद थी। उसी समय आरोपी भावना कोरी, उसका पति राकेश और मां उसकी दुकान पर पापड़, मिर्ची मसाला और अचार खरीदने के लिए आए थे। तीनों ने दुकान से कुल मिलाकर करीब 250 रुपये का सामान खरीदा था। जब पवित्रा ने नियमानुसार सामान के पूरे पैसे मांगे, तो आरोपियों ने तय रकम से कम पैसे दिए। जब पीड़िता ने इसका विरोध करते हुए कहा कि आप पैसे कम दे रहे हैं और मुझे सामान के पूरे पैसे चाहिए, तो आरोपी राकेश कोरी भड़क गया और उसे गालियां देने लगा। बात यहीं नहीं रुकी, आरोपी भावना और उसकी मां ने दुकान के भीतर घुसकर पवित्रा के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। इस हुज्जत के दौरान आरोपियों ने दुकान में रखे मसाले के डिब्बे उठाकर सड़क पर फेंक दिए और कुछ मसाले पीड़िता के ऊपर भी फेंक दिए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें