धार (सिटी ब्लास्ट प्रतिनिधि नितिन राठौर)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के धार नगर अध्यक्ष पद की घोषणा को लेकर स्थानीय राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। संगठन में युवाओं की इस सबसे महत्वपूर्ण कमान को अपने हाथों में लेने के लिए नगर के कई सक्रिय और दिग्गज युवा चेहरों ने मोर्चा संभाल लिया है। सूत्रों की माने तो आगामी एक सप्ताह या एक- दो दिनों के भीतर संगठन द्वारा इस पद की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है, जिसके मद्देनजर संभावित दावेदारों ने जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर के नेताओं तक अपनी लॉबिंग बेहद तेज कर दी है। सांगठनिक सूत्रों से छनकर आ रही खबरों के मुताबिक, वर्तमान में भाजयुमो के जिला महामंत्री अंकित भावसार का नाम नगर जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहा है। अंकित की युवाओं के बीच लगातार सक्रियता, जमीनी पकड़ शीर्ष नेतृत्व भी उनके नाम पर लगभग सहमत नजर आ रहा है। स्थानीय जिलाध्यक्ष और संगठन के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों का एक बड़ा धड़ा अंकित भावसार के नाम पर आम सहमति बनाने के विशेष प्रयासों में जुटा है। माना जा रहा है कि उनके सांगठनिक अनुभव का लाभ आगामी दिनों में युवा मोर्चा को शहरी क्षेत्र में और मजबूत करने में मिल सकता है। भले ही भावसार का नाम चर्चाओं में सबसे आगे हो, लेकिन नगर अध्यक्ष बनने की चाह रखने वाले अन्य युवा नेता भी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कई अन्य दावेदार स्थानीय प्रभावशाली नेताओं और विधायक की चौखट पर अपनी बायोडाटा सौंपकर जोर-आजमाइश कर रहे हैं। हालांकि, इस बार भारतीय जनता युवा मोर्चा में नियुक्तियों के लिए केंद्रीय और प्रदेश संगठन द्वारा आयु सीमा और मैदानी सक्रियता जैसे कड़े मापदंड तय किए गए हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 15 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




