बुधवार, 14 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

36 लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार अधिकारी को बनाया कलेक्टर

भागीरथपुरा दूषित जल हादसे में 36 मौतों के लिए हटाए गए अधिकारी रोहित सिसोनिया को रायसेन कलेक्टर बनाने पर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने सरकार पर साधा निशाना।

भागीरथपुरा के नागरिकों के साथ सरकार का मजाक – चौकसे

शहर कांग्रेस के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा है कि भागीरथपुरा क्षेत्र के नागरिकों के साथ मध्य प्रदेश सरकार के द्वारा मजाक किया गया है। भागीरथपुरा में दूषित जल हादसे में 36 लोगों की मौत के लिए जिस अधिकारी रोहित सिसोनिया को हटाया गया था, उन्हें रायसेन का कलेक्टर बनाकर राज्य सरकार के द्वारा मजाक किया गया है।

चौकसे ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि हाल ही में भागीरथपुरा की घटना की जांच करने वाले आयोग की रिपोर्ट आ चुकी है। इस रिपोर्ट में जिन अधिकारियों को दोषी माना गया है उनमें सिसोनिया भी शामिल है। ऐसे में इस अधिकारी को घटना के बाद केवल इंदौर से स्थानांतरित किया गया था। इस अधिकारी के निलंबन की घोषणा जरूर की गई थी लेकिन निलंबन का आदेश जारी नहीं हुआ था।

अब जब भागीरथपुरा के लोग जांच आयोग की रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं तब सरकार के द्वारा सिसोनिया को कलेक्टर बनाकर इन नागरिकों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है। राज्य सरकार के इस फैसले से भागीरथपुरा क्षेत्र के नागरिक अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। होना तो यह चाहिए था कि जांच आयोग की रिपोर्ट को ध्यान में रखते हुए सिसोनिया के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाना चाहिए था।

झाडे ने सरकार के निर्देश पर काम किया

चौकसे ने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े को शाजापुर का कलेक्टर बनाकर यह बता दिया गया है कि उनके द्वारा अपने कार्यकाल में जो कुछ किया गया वह सरकार के निर्देश पर किया गया। ध्यान रहे कि पिछले महीने जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम था तब झाडे के द्वारा प्राधिकरण के मैदान पर इस कार्यक्रम को करने की अनुमति देने के लिए चार दिन का किराया 14 लाख रुपए लिया गया था। अब 1 महीने के लिए पटाखा की व्यावसायिक दुकान इस जमीन पर लगाने का किराया मात्र 4 लाख लेने का षड्यंत्र किया जा रहा है। हकीकत में देखा जाए तो सरकार ने झाडे को कांग्रेस के कार्यक्रम में समस्या पैदा करने का इनाम दिया है। उक्त पूर्ण जानकारी शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे ने दी।

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट ई-पेपर