इंदौर नगर निगम के द्वारा शहर में ठेका देकर सीसीटीवी कैमरा लगवाए जाएंगे। इसमें ठेका लेने वाली एजेंसी के द्वारा कैमरा लगाने के साथ-साथ उसके संचालन और मरम्मत का काम भी किया जाएगा।
निगम के सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के द्वारा दो अलग-अलग हिस्से में सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए ठेका देने की प्रक्रिया को शुरू किया गया है। विभाग के द्वारा इस कार्य को करने के इच्छुक फर्म से उनके ऑफर बुलवाए गए हैं। इसके लिए दो अलग-अलग प्रस्ताव तैयार कर मंजूर किए गए हैं। इन प्रस्ताव में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि संबंधित फार्म को उसके लिए निर्धारित किए गए क्षेत्र में कितने स्थान पर सीसीटीवी कैमरा लगाना होंगे। इस बारे में प्रस्ताव में यह कहा गया है कि नगर निगम के द्वारा जिन स्थानों को चिन्हित करते हुए आदेशित किया जाएगा वहां पर सभी स्थानों पर इस एजेंसी को सीसीटीवी कैमरा लगाना पड़ेंगे।
निगम के द्वारा निजी क्षेत्र को ठेके पर दिए जा रहे इस काम के लिए यह शर्त रखी गई है कि संबंधित एजेंसी को 10 वर्ष तक कैमरा लगाने के साथ ही साथ उसका संचालन और संधारण भी करना होगा। शहर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के द्वारा स्मार्ट सिटी कंपनी के माध्यम से सीसीटीवी सर्विलेंस के नियम तैयार किए गए थे। इसके साथ ही निगम के द्वारा यह ऐलान किया गया था कि पूरे शहर में हम सीसीटीवी लगाकर जन सुरक्षा को सुनिश्चित करने का कार्य करेंगे। सीसीटीवी कैमरा लग जाने पर नागरिकों को अतिरिक्त सुरक्षा कवच मिल सकेगा। कहीं भी कोई घटना दुर्घटना होने पर पुलिस भी इस सीसीटीवी कैमरा से फुटेज निकलवा सकेगी और उस घटना के दोषियों को चिन्हित करने का काम कर सकेगी। जब दोषी चिन्हित हो जाएंगे तो फिर उन पर कार्रवाई करने में भी पुलिस को कहीं कोई परेशानी नहीं होगी। इसके साथ ही संबंधित दोषियों के खिलाफ यह डिजिटल साक्ष्य भी मौजूद रहेगा।
शासन ने की थी सराहना-नगर
निगम के द्वारा नागरिकों को सुरक्षा की अतिरिक्त पहल करने के लिए बनाए गए सीसीटीवी सर्विलेंस की राज्य सरकार के द्वारा भी सराहना की गई थी। उसके बाद से इन नियमों के बनने के बाद भी नगर निगम की ओर से सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाए जाने के कारण इस नीति का कोई मतलब नहीं निकल रहा था। अब जाकर नगर निगम यह सीसीटीवी कैमरा लगाने की दिशा में पहल करता हुआ नजर आ रहा है। निगम की ओर से यह कोशिश की जा रही है कि वर्ष 2026 का समापन होने से पहले शहर में सुरक्षा का यह अतिरिक्त कवच उपलब्ध कराया जाएं।
सबसे पहले मुख्य मार्ग- निगम के
द्वारा तैयार की गई योजना के अनुसार सबसे पहले शहर के सभी मुख्य मार्ग पर सीसीटीवी का कवरेज किया जाएगा। इन सभी मार्गों को पूरी तरह से तीसरी आंख के दायरे में लेने का काम किया जाएगा। जब यह काम पूरा हो जाएगा तो फिर मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले लिंक रोड पर फोकस किया जाएगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






