रावजी बाजार थाना क्षेत्र में एक ट्रस्ट की खाली जमीन पर अतिक्रमण करने, निर्माणाधीन दीवार तोड़ने और पानी की टंकी बनाने का मामला सामने आया है। शिकायत में ट्रस्ट के कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रावजी बाजार पुलिस के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम गोधा कॉलोनी स्थित तीरथबाई स्कूल के पास एक दुकान से जुड़ा है। ट्रस्ट की ओर से यादव नगर निवासी सुनील सिंह पिता रामवरण सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि स्कीम नंबर-103, केसरबाग रोड निवासी आरोपी भरत राज आहूजा ने दुकान के पीछे स्थित ट्रस्ट की भूमि पर कब्जे की नीयत से यह हरकत की। फरियादी के मुताबिक, कमलजीत कौर को केवल दुकान का हिस्सा बेचा गया था, जबकि पीछे की भूमि ट्रस्ट के स्वामित्व की है। जब ट्रस्ट सदस्यों ने आरोपी को यह बात बताई तो वह उस हिस्से पर भी अपना हक जताते हुए विवाद करने लगा। पुलिस के अनुसार, खाली जमीन को सुरक्षित रखने के लिए ट्रस्ट ने 20 नवंबर की दोपहर करीब 2 बजे दुकान क्रमांक- 09 की दीवार से सटाकर नई दीवार बनवाना शुरू किया। आरोप है कि इसी दौरान भरत राज आहूजा ने मौके पर काम कर रहे ट्रस्ट के प्रोजेक्ट विभाग के मेसन शिवप्रसाद विश्वकर्मा को धमकाया और देख लेने की चेतावनी दी। इसके अगले दिन यानी 21 नवंबर को आरोपी ने निर्माणाधीन दीवार को तोड़कर नुकसान पहुंचाया और खाली जमीन में गड्ढा खोदकर पानी की टंकी तैयार कर ली। समझाइश के बावजूद न मानने पर ट्रस्ट की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 24 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


