दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते से जुड़ी चेकबुक और एटीएम कार्ड के जरिए ऑनलाइन गेमिंग का लेनदेन करने के आरोप में लसूड़िया पुलिस ने एक युवक को दबोचा है। आरोपी के कब्जे से 50 कोरे चेक बरामद किए गए हैं। पुलिस अब उससे जुड़े नेटवर्क और अन्य संदिग्ध खातों के इस्तेमाल की पड़ताल कर रही है। लसूड़िया पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्कीम नंबर-78 स्थित मुंबई हाउस होटल के सामने खाली मैदान में एक युवक दूसरे के बैंक खाते की चेकबुक व एटीएम लेकर खड़ा है और ऑनलाइन गेमिंग में उनका इस्तेमाल कर रहा है। सूचना पर पहुंची टीम ने मौके से मंदसौर जिले के धारीयाखेड़ी निवासी शुभम पिता विनोद मालवीय को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में शुभम ने कबूला कि उसने बैंक ऑफ इंडिया के एक खाते की चेकबुक और एटीएम कार्ड रतलाम निवासी एक व्यक्ति से 10 हजार रुपए में खरीदे थे, जिनका उपयोग ऑनलाइन गेमिंग के लेनदेन में किया जा रहा था। तलाशी में उसके पास से 50 कोरे चेक और एटीएम कार्ड मिले। पुलिस आरोपित से यह पता लगाने में जुटी है कि उसने और किन लोगों के खाते हासिल किए तथा इस गिरोह में कौन-कौन शामिल हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 24 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


