मंगलवार, 24 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

मास्टर प्लान की 23 सड़कों के निर्माण में लापरवाही समय सीमा पर करने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं हुए पूरे

जनकार्य शाखा और ठेकेदार की लापरवाही, दो साल में केवल एक सड़क पर शुरू हुआ यातायात।

मास्टर प्लान की 23 सड़कों के निर्माण में लापरवाही समय सीमा पर करने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं हुए पूरे

शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और मास्टर प्लान के मुताबिक प्रमुख सड़कों का नेटवर्क तैयार करने के लिए नगर निगम ने 400 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 23 सड़कों का निर्माण शुरू किया था। लेकिन दो साल बीतने के बाद भी इन सड़कों का काम उस गति से पूरा नहीं हो पाया, जिसकी उम्मीद की गई थी। स्थिति यह है कि 23 में से 18 सड़कों पर निर्माण और बाधक निर्माण हटाने का काम शुरू हुआ, लेकिन अब तक केवल एक सड़क बनकर तैयार हो सकी है। बाकी सड़कों को पूरा करने के लिए अब महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अधिकारियों और ठेकेदारों को तीन महीने का अल्टीमेटम दिया है।

इन सड़कों का निर्माण वर्ष 2024 से अलग-अलग पैकेज में शुरू किया गया था। योजना शाखा द्वारा निर्माण कराया जा रहा है, जबकि जनकार्य विभाग को इसकी निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। सुदामा नगर से अन्नपूर्णा रोड तक की सड़क का काम पूरा हो चुका है। वहीं कई प्रमुख सड़कों पर अब भी निर्माण कार्य अधूरा है।

पहले भी तारीखें तय हुईं, लेकिन काम पूरा नहीं हुआ

मास्टर प्लान की सड़कों को लेकर पहले भी कई बार समय-सीमा घोषित की जा चुकी है। जिंसी चौराहे से लक्ष्मीबाई प्रतिमा और नेमीनाथ चौराहे तक बनने वाली सड़क पर 15 अगस्त और फिर 31 अक्टूबर तक यातायात शुरू करने की घोषणा हुई थी, लेकिन दोनों समय-सीमाएं निकल गईं। इसके बावजूद सड़क का काम पूरा नहीं हो सका।

तीन महीने में तीन सड़कें चालू करने का दावा

महापौर भार्गव का कहना है कि अब सभी सड़कों के लिए अंतिम समय-सीमा तय कर दी गई है। लिंकेज रोड से मालवीय नगर और बमोरी प्लाजा से एयरपोर्ट चौराहे तक की सड़क जल्द तैयार होगी। अगले तीन महीने में तीन सड़कों पर आवागमन शुरू करने का लक्ष्य है। कलालकुई सड़क का काम धीमा चलने पर ठेकेदार को चेतावनी दी गई है।

लापरवाह ठेकेदारों को कौन बचा रहा है?

मास्टर प्लान की सड़कों को लेकर लगातार ठेकेदारों की घटिया निर्माण और तय समय सीमा में काम नहीं करने जैसी लापरवाही सामने आ रही है जिसको लेकर जनता के बीच निगम की छवि धूमिल हो रही है आम लोगों और रहवासियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है सड़कों का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण सड़क की जड़ में टूटे मकान के पुनर्निर्माण लोग नहीं कर पा रहे हैं जिसके चलते ठंड के मौसम में टूटे मकान में रहने पर मजबूर है। मालवीय नगर के चंद्रशेखर कुमावत ने बताया कि सड़क का निर्माण अधूरा होने के कारण भवन निर्माण नहीं कर पाए हैं 2 साल से टूटे मकान में रह रहे हैं अब ठंड का मौसम है और मकान की रिपेयरिंग नहीं हो पाई है। जबकि दूसरी ओर ठेकेदारों को बार-बार चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है।

लापरवाह ठेकेदारों से वापस लेंगे काम

महापौर ने स्पष्ट किया है कि जिन ठेकेदारों ने तय समय में काम पूरा नहीं किया, उन्हें अंतिम अवसर दिया गया है। इसके बाद भी काम पूरा नहीं हुआ तो उनके ठेके वापस लेकर दूसरे ठेकेदारों को काम सौंपा जाएगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 24 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 24 November 2026, पृष्ठ 4