अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी में म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल पर लगाम कसने के लिए क्राइम ब्रांच ने ऑपरेशन मैट्रिक्स के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फेडरल बैंक के एक म्यूल खाते के मामले में खाताधारक और मुख्य संचालक सहित दो आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर रतलाम निवासी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस खाते के खिलाफ तमिलनाडु और तेलंगाना में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होना सामने आया है। क्राइम ब्रांच के अनुसार, राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, गृह मंत्रालय के आई-4सी और एनसीआरपी पोर्टल से मिले इनपुट के आधार पर फेडरल बैंक के संदिग्ध खाते की पड़ताल की गई। जांच में सामने आया कि यह खाता इंदौर निवासी खाताधारक अंशु के नाम पर है, जिसने 10 हजार रुपए लेकर खाते का उपयोग व संचालन आलोट जिला रतलाम की मीना कॉलोनी निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा पिता काशीराम मीणा को सौंप दिया था। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई कि पप्पू उर्फ पंकज मीणा ने इसी तरह अन्य लोगों को 10-10 हजार रुपए देकर कई बैंक खाते हासिल किए और उनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में किया। साइबर क्राइम पोर्टल के परीक्षण में पता चला कि इस म्यूल खाते के विरुद्ध तमिलनाडु के कल्लाकुरिची साइबर क्राइम थाने और तेलंगाना के मलकाजगिरी साइबर क्राइम थाने में शिकायतें दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच ने खाताधारक और मुख्य आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पप्पू उर्फ पंकज मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ कर अन्य म्यूल खातों, खाताधारकों और इस अंतरराज्यीय साइबर नेटवर्क से जुड़े बाकी सदस्यों की तलाश की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 24 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


