छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में दुकान का ताला चटकाकर पीतल के बर्तन चुराने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के साथ ही चार नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के पास से चोरी गए 21 किलोग्राम पीतल के बर्तन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपए आंकी गई है।
छत्रीपुरा पुलिस के मुताबिक, फरियादी मनीष सदानवा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 और 15 नवंबर की रात जीएनटी मार्केट स्थित ‘वर्ल्ड वॉर होटल’ नामक दुकान से पीतल के बर्तन चोरी हो गए थे। इस दुकान में होटल संचालन में काम आने वाले बर्तनों का विक्रय किया जाता है। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। ठोस सुरागों के आधार पर पुलिस ने लाबरिया भेरू निवासी सिद्धार्थ हटकर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके चार नाबालिग साथियों को भी अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए युवक और नाबालिगों के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में चोरी के पूर्व आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 24 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

