इंदौर। गांधी नगर थाना क्षेत्र के सुपर कॉरिडोर चौराहे पर पुरानी रंजिश को लेकर गाली- गलौज और जान से मारने की धमकी देने की घटना सामने आई है। रास्ते में मिले परिचित बदमाश ने युवक को देखते ही अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। जब पीड़ित ने इस पूरी घटना का मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोपी वहां से भाग निकला, हालांकि जाते- जाते उसने युवक को दोबारा दिखने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर गांधी नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बाहुबली नगर निवासी अनुज सिंह पिता कमल सिंह चौहान ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह सुपर कॉरिडोर चौराहे के पास से गुजर रहा था, तभी वहां गांधी नगर पंचायत क्षेत्र निवासी नमन सिंह गौतम उर्फ छोटू कालिया आ धमका। पुरानी रंजिश को मन में रखते हुए नमन ने अनुज को देखते ही बेवजह गालियां देना शुरू कर दिया। जब अनुज ने गालियां देने से मना किया और आरोपी की हरकतों का सबूत बनाने के लिए अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू की, तो नमन सिंह गौतम घबरा गया और मौके से भागने लगा। भागते- भागते आरोपी ने फरियादी को चेतावनी देते हुए धमकी दी कि आज के बाद अगर क्षेत्र में दोबारा नजर आया, तो जान से खत्म कर दूंगा। घटना के बाद पीड़ित अनुज सिंह तुरंत थाने पहुंचे और पुलिस को आपबीती बताई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



