कनाडिया थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने संदिग्धों और संवेदनशील इलाकों की चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों और एक नाबालिग को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तेजधार चाकू और एक लोहे का कटर जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

कनाडिया थाना प्रभारी तिलक करोले के निर्देश पर अलग-अलग टीमों को क्षेत्र के हॉटस्पॉट, शैडो एरिया और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के लिए रवाना किया गया था। इसी दौरान मिली सूचनाओं के आधार पर टीमों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध हथियार रखने वालों को दबोच लिया। पहली कार्रवाई में टीपीएस-05 रोड के पास से मुकुंद पिता बुद्धा सोनी, निवासी आलोक नगर, कनाडिया को पकड़ा गया, जिसके पास से लोहे का तेजधार अवैध कटर मिला। वहीं दूसरी कार्रवाई में इकायना स्कूल के पीछे नई सड़क से सागर पिता कैलाश शिंदे, निवासी बिचौली मर्दाना को लोहे के तेजधार अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कनाडिया ब्रिज के पास से एक नाबालिग को भी लोहे के तेजधार अवैध चाकू के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने कुल दो लोहे के तेजधार चाकू और एक कटर जब्त कर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 22 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



