पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल द्वारा आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 से पहले इंदौर, देवास, उज्जैन और रतलाम सहित आसपास के कई प्रमुख स्टेशनों पर अगले साल 2027 में यात्रियों की सुविधा के लिए आधा दर्जन से ज्यादा नए एस्केलेटर लगाएगा।
इसको लेकर पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल से जुड़े अधिकारियों ने अपनी ओर से विभागीय तैयारियां भी शुरू कर दी है। रतलाम मंडल के रेलवे पीआरओ के मुताबिक इंदौर स्टेशन पर प्लेटफार्म नम्बर 5 और 6 के बीच नया एस्केलेटर लगाया जाएगा। जबकि मंडल के रतलाम जंक्शन के प्लेटफार्म 4 और 7 के बीच बन रहे हैं नए पुल पर करीब आधा दर्जन नए एस्केलेटर लगाने की तैयारी शुरू हो गई है।
10 करोड़ की लागत से होगा नए एस्केलेटर लगाने का कार्य
रेलवे द्वारा इस काम के लिए करीब 10 करोड की लागत वाले बजट का एस्टीमेट बनाकर इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि इस काम को पूरा करने के लिए ठेकेदार कंपनी को टेंडर की शर्तों के हिसाब से एक साल की समय अवधि दी जाएगी। रेलवे की प्लानिंग है कि साल 2028 में बाबा महाकाल की नगरी में होने वाले सिंहस्थ महापर्व से पहले नवीन एस्केलेटर लगाने का काम पूरा हो जाए। इसके अलावा भी रेलवे रतलाम मंडल द्वारा देवास, डॉ अंबेडकर नगर सहित अन्य रेलवे के छोटे बड़े स्टेशन पर भी जरूरत और मांग के साथ यात्री सुविधाओं के लिए एस्केलेटर लगाने से लेकर अन्य काम आने वाले दिनों में जल्द शुरू किए जाएंगे। जिसका लाभ सिंहस्थ पर्व के दौरान देशभर से आने वाले यात्रियों को मिलेगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 23 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






