इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कनाड़िया थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर दो ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 24.49 ग्राम एमडी ड्रग्स और तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन जब्त किए हैं।
कनाड़िया थाना पुलिस ने टीजीटी रेस्टोरेंट के पास, टी.पी.एस.-05 क्षेत्र से एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी की पहचान राजू उर्फ राजा पिता वकील राठौर, निवासी अरावली परिसर, भूरी टेकरी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 12.59 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1,20,000 रुपये है। पुलिस ने ड्रग्स के अलावा एक सुजुकी एक्सेस स्कूटी क्रमांक श्झ् 09 अँ 1760 भी जब्त की है। एक अन्य कार्रवाई में कनाड़िया पुलिस ने बिचौली हप्सी क्षेत्र से इसराईल पिता शब्बीर खान, मूल निवासी जिला खंडवा, हाल निवासी खजराना, इंदौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 11.90 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि वे यह अवैध मादक पदार्थ कहां से लेकर आए थे और किसे सप्लाई करने वाले थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



