इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र के विष्णुपुरी स्थित देवनिवास हॉस्टल में बेखौफ चोरों ने धावा बोलते हुए छात्रों के कीमती इलेक्ट्रॉनिक्स सामान पर हाथ साफ कर दिया। कमरा खुला होने का फायदा उठाकर चोर 5 मोबाइल फोन और 3 लैपटॉप चुरा ले गए। पुलिस ने पीड़ित छात्र की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस से के अनुसार, यह चोरी की वारदात विष्णुपुरी स्थित देवनिवास हॉस्टल में हुई। फरियादी प्रिंस पिता विष्णु सराठे, मूल निवासी सिवनी ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रात में उनके कमरे का मुख्य दरवाजा गलती से खुला रह गया था। सुबह करीब 7 बजे जब वे सोकर उठे, तो देखा कि उनका आईफोन और लैपटॉप गायब था। इसके बाद जब अन्य साथियों से पूछताछ की गई, तो रूममेट मिहिर गुप्ता, यशदीप अवधिया, अयाज अंसारी, सौरभ अहिरवार और युवराज परमार के भी मोबाइल फोन व लैपटॉप गायब मिले। भंवरकुआं पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के इलाकों और हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि शातिर चोरों की लोकेशन का सुराग लगाया जा सके।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


