इंदौर। संयोगितागंज थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक युवक को अपने जाल में फंसाकर ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार बना लिया। शातिर आरोपी ने पीड़ित को लिंक भेजकर मोबाइल में एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई और कॉल फॉरवर्डिंग के जरिए 4 लाख 40 हजार रुपये से अधिक की चपत लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर संयोगितागंज पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ऊषागंज छावनी निवासी फरियादी रोहन पिता राजेंद्र दोशी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि अज्ञात आरोपी ने उनके मोबाइल पर एक अज्ञात लिंक भेजी थी। झांसे में लेकर आरोपी ने प्ले स्टोर से एक एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई और चालाकी से उनके मोबाइल की कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिवेट करवा ली। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के बैंक खातों से ओटीपी हासिल कर ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 4,40,648 रुपये पार कर दिए। खाते से बड़ी रकम कटने का मैसेज मिलते ही पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। संयोगितागंज पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से आरोपी के नंबर व बैंक खातों की तकनीकी जांच की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



