बुधवार, 14 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

एमडी ड्रग्स तस्करी मामले में सह-आरोपी गिरफ्तार

परदेशीपुरा से पकड़ा गया हिस्ट्रीशीटर आरोपी, पूर्व में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर हुआ खुलासा

एमडी ड्रग्स तस्करी मामले में सह-आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले दिनों पकड़े गए ड्रग्स तस्कर से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए मामले के सह-आरोपी को परदेशीपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धारा 8/29 का इजाफा कर दिया है।

क्राइम ब्रांच डीसीपी राजेश त्रिपाठी के अनुसार, गत 12 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच की टीम ने चेकिंग व गश्त के दौरान शांतिपथ चौराहा के पास, शिवालय मार्ग से एक संदेही रिषभ चौहान निवासी परदेशीपुरा को पकड़ा था। उसके पास से 12.33 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स और एक ओप्पो मोबाइल फोन सहित कुल 1,20,000 रुपये का माल जब्त किया गया था। इस मामले में थाना अपराध शाखा में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। मुख्य आरोपी रिषभ चौहान से की गई सघन पूछताछ और तकनीकी बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की कड़ियां जोड़ने पर इस तस्करी के नेटवर्क में एक अन्य आरोपी मयंक उर्फ कृष्णा रघुवंशी निवासी परदेशीपुरा की संलिप्तता उजागर हुई। क्राइम ब्रांच की टीम ने तुरंत त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी मयंक को भी धरदबोचा। पूछताछ में संलिप्तता प्रमाणित होने पर पुलिस ने प्रकरण में धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट बढ़ाते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

पान मसाला की दुकान पर करता है काम, पूर्व में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले-

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मयंक 9वीं कक्षा तक शिक्षित है और वर्तमान में एक पान मसाले की दुकान पर काम करता है। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है; उसके खिलाफ थाना परदेशीपुरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत और थाना बाणगंगा में मारपीट व अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल, क्राइम ब्रांच की टीम गिरफ्तार आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह इस ड्रग्स को कहां से लेकर आता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मादक पदार्थों के इस पूरे नेटवर्क के मुख्य स्रोत और सप्लायरों का पता लगाने के लिए गहन अनुसंधान जारी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 14 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 9