चंदन नगर थाना क्षेत्र में खजराना इलाके के एक कुख्यात गुंडे ने एक युवक की दुकान पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। आरोपी ने युवक पर एक महिला का साथ छोड़ने का दबाव बनाया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चंदन नगर पुलिस के अनुसार, यह घटना चंदन नगर क्षेत्र के अंतर्गत अम्मार नगर चौराहा पर घटी। फरियादी समीर पिता मुस्ताक खान, निवासी केशव नगर ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी है। फरियादी समीर ने पुलिस को बताया कि वह अपनी दुकान पर मौजूद था। उसी दौरान खजराना इलाके का रहने वाला गुंडा भय्यु सुरीला उर्फ एहसान निवासी तंजीम नगर, खजराना उसकी दुकान पर आया और उसे जोर से आवाज लगाई।
जब समीर दुकान से बाहर आया, तो आरोपी ने उससे कहा कि तू ज्योति कांबले का साथ छोड़ दे। समीर ने जब मना करते हुए कहा कि वह उसका साथ नहीं छोड़ेगा, तो इस बात पर भय्यू सुरीला उर्फ एहसान आगबबूला हो गया। आरोपी ने गुस्से में आकर समीर के साथ गाली- गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

