मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
खेल

सरफराज को पहले टेस्ट में मौका मिलने की उम्मीद

नई दिल्ली। श्रीलंका दौरे पर रवाना होने से पहले ही भारतीय टीम को फिटनेस की समस्याओं से जूझना पड़ा था। चोट के कारण जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन पूरे दौरे…

नई दिल्ली। श्रीलंका दौरे पर रवाना होने से पहले ही भारतीय टीम को फिटनेस की समस्याओं से जूझना पड़ा था। चोट के कारण जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन पूरे दौरे से बाहर हो गए हैं। बुमराह की जगह आकिब नबी को शामिल किया गया, वहीं साई सुदर्शन के स्थान पर बीसीसीआई ने सरफराज खान को टीम में वापसी का मौका दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या सरफराज खान को 15 अगस्त से गाले में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग-11 में जगह मिलेगी? भारतीय टीम प्रबंधन श्रीलंका में 6 प्रमुख बल्लेबाजों के साथ मैदान पर उतरने की योजना बना रहा है। शुरुआती 5 स्थानों गिल, जायसवाल, पडिक्कल, राहुल और पंत के लगभग तय होने के बाद नंबर 6 के पायदान के लिए दो बड़े दावेदार सरफराज खान और ध्रुव जुरेल हैं। वार्म-अप मैच में जुरेल का बल्ला कुछ खास कमाल नहीं दिखा सका और वह मात्र 17 रन बनाकर आउट हो गए। जुरेल की फॉर्म और सरफराज की स्पिन के खिलाफ आक्रामकता को देखते हुए कप्तान शुभमन गिल और हेड कोच गौतम गंभीर सरफराज को प्लेइंग 11 में जगह दे सकते हैं। श्रीलंका की पिचें पारंपरिक रूप से स्पिन गेंदबाजों की मददगार मानी जाती हैं। गाले टेस्ट में मेजबान टीम अपने स्टार स्पिनरों के दम पर भारत को घेरने की कोशिश करेगी। ऐसे में भारत को एक ऐसे मध्यक्रम बल्लेबाज की दरकार है जो स्पिन के खिलाफ खुलकर खेल सके। घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए ढेरों रन बनाने वाले सरफराज खान स्पिन के खिलाफ बेहतरीन स्वीप, रिवर्स स्वीप और कदमों का इस्तेमाल करने के लिए जाने जाते हैं। कोच गंभीर और कप्तान गिल चाहेंगे कि नंबर 6 पर एक ऐसा बल्लेबाज हो जो श्रीलंकाई स्पिनरों को लय न पकड़ने दे और उन पर उल्टा दबाव बनाए। सरफराज ने इंटरनेशनल लेवल पर भी दिखाया है कि सेट होने के बाद वह लंबी और मैच जिताऊ पारियां खेलने का हुनर रखते हैं।

यदि सरफराज खान को नंबर 6 पर मौका मिलता है, तो भारत का बल्लेबाजी क्रम कुछ इस प्रकार दिख सकता है: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल, देवदत्त पडिक्कल, त्रषभ पंत, सरफराज खान, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 10 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें