इंदौर। मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स एंड स्नूकर एसोसिएशन के तत्वावधान में खेली गई 40वीं एमपी स्टेट बिलियर्ड्स चैंपियनशिप में जूनियर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। जूनियर गर्ल्स स्नूकर का खिताब अनुभवी खिलाड़ी सान्वी शाह ने अपने नाम किया। वहीं जूनियर बॉयज स्नूकर का टाइटल रतलाम के आतिफ अंसारी ने जीता वहीं सबजूनियर गर्ल्स में सान्वी जैन ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। नेहरू स्टेडियम स्थित बिलियर्ड्स एकेडमी पर खेली गई इस प्रतिष्ठित स्नूकर स्पर्धा का पुरस्कार मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स एंड स्नूकर एसोसिएशन के चेयरमैन भोलू मेहता के मुख्य आतिथ्य में हुआ। अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय क्यू स्पोर्ट्स खिलाड़ी अमी कमानी ने की। इस अवसर पर टूर्नामेंट डायरेक्टर सुजीत गेहलोत, रैफरी अविनाश मेहरा, लक्ष्य गौहर को भी सम्मानित किया गया। जूनियर गर्ल्स के फाइनल में सान्वी शाह ने भोपाल की सिमरन ठाकुर को थोड़े से संघर्ष में 2-0 से पराजित किया। वहीं इसके पहले खेले गए सेमीफाइनल में सान्वी शाह ने सान्वी जैन को 2-0 से तथा सिमरन ठाकुर ने वैदिका तोमर को 2-0 से हराया था। जूनियर बॉयज स्नूकर के फाइनल में रतलाम के आतिफ अंसारी ने धमाकेदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हार्दिक गायकवाड़ को दूसरा टाइटल जीतने से रोक दिया। आतिफ ने यह मुकाबला 3-0 से अपने नाम किया। हार्दिक ने सबजूनियर वर्ग का खिताब जीता था। सबजूनियर गर्ल्स का टाइटल सान्वी जैन ने समायरा वर्मा को 2- 0 से हराकर अपने नाम किया। इसके पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में सान्वी जैन ने सिया धनोतिया को 2-0 से तथा समायरा वर्मा ने अक्षिता मंत्री को 2-0 से हराया था। सफल खिलाड़ियों को आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




