इंदौर। इंदौर जिला बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित रूसी पुनेगर स्मृति इंदौर जिला सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में रविवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद सभी वर्गों के सेमीफाइनलिस्ट तय हो गए। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया तथा कई मुकाबलों का फैसला संघर्षपूर्ण तीन गेमों में हुआ।
पुरुष युगल वर्ग में दिन का सबसे बड़ा आकर्षण रवि पमनानी एवं अरुण शर्मा की जोड़ी रही। दोनों खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और संघर्षपूर्ण खेल का प्रदर्शन करते हुए भरत खत्री एवं दुष्यंत मेहता की जोड़ी को 10-15, 16-14, 16-14 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इससे पहले यह जोड़ी तीसरी वरीय प्रज्ञान सलूजा एवं जय सोनी की जोड़ी को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी। लगातार दो बेहतरीन जीत के साथ रवि पमनानी एवं अरुण शर्मा प्रतियोगिता के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। इसी वर्ग में सगे भाई सक्षम गुप्ता एवं शोभित गुप्ता की चौथी वरीय जोड़ी ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए राहुल गोयल एवं सचिन लालचंदानी को 15- 9, 16-14 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीय कन्हैया शर्मा ने काव्य शर्मा को 15-10, 15-11, जय सोनी ने आठवीं वरीय ऑस्टिन नथानियल को 15-8, 19-17, छठी वरीय नैवैद्य टोंडे ने वीर खरे को 15-7, 15-9, जबकि ओम पटेल ने पांचवीं वरीय गौरव परमार को रोमांचक मुकाबले में 15-13, 14-16, 15-12 से पराजित कर सेमीफाइनल में स्थान बनाया। महिला एकल वर्ग में शीर्ष वरीय ओजस्वी भोमिया ने अंडर-11 की प्रतिभाशाली खिलाड़ी इशमान सलूजा को 15-3, 15-4 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। अन्य मुकाबलों में तीसरी वरीय अनेट्टा बिनू ने इरा ठाकुर को 17- 15, 15-13, चौथी वरीय कनिका जाट ने दिव्या गुर्जर को 15-5, 15-8, जबकि श्रेया अग्रवाल ने कृषा सोलंकी को 15-4, 15-4 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
महिला युगल वर्ग में ध्रुवी बेटाला एवं इरा ठाकुर ने आरिशा जायसवाल एवं अवनी वर्मा को 10-15, 15- 11, 18-16 से पराजित किया। मिशिका गुप्ता एवं दिव्या गुर्जर ने ओजस्वी भलावे एवं इशमान सलूजा को 15-11, 15-13, जबकि दूसरी वरीय कनिका जाट एवं कृति तिवारी ने दीर्घा अहिरवार एवं जया यादव को 15-5, 15-9 से हराकर अंतिम चार में स्थान बनाया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




