रावलपिंडी। पाकिस्तान ने रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में जारी टेस्ट सीरीज के पहले मैच में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। पहली पारी 434/9 के स्कोर पर घोषित करने के बाद पाकिस्तान ने दूसरे दिन की समाप्ति तक श्रीलंका के 3 विकेट हासिल कर लिए हैं। मेहमान टीम के खाते में फिलहाल 114 रन हैं। बाबर आजम की टीम के पास अभी भी 320 रनों की बढ़त है। श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और 12 रन पर ही दो विकेट गिर चुके थे। ओपनर पसिंदु सूरियाबंडारा का खाता नहीं खुला तो अनुभवी दिनेश चंडीमल सिर्फ एक रन बना सके। इसके बाद कामिंदु मेंडिस ने लाहिरू उदारा के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की। लाहिरू 52 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कामिंदु मेंडिस (नाबाद 40) ने धनंजय डी सिल्वा (नाबाद 22) के साथ 49 रन की अटूट साझेदारी करते हुए श्रीलंका को शतक के पार पहुंचाया। मेजबान टीम से साकिब खान ने 2 विकेट अपने नाम कर लिए हैं, जबकि मोहम्मद अब्बास को 1 विकेट हाथ लगा है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम को अजान ओवैस और तैयब आरिफ की सलामी जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी की।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





