मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
खेल

आज से दिल्ली में दुनियाभर के शटलर जुटेंगे

नई दिल्ली। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 17 साल बाद भारत में होने जा रहा है। दुनिया के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी प्रतिष्ठित खिताब के लिए राजधानी दिल्ली में अपना…

नई दिल्ली। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 17 साल बाद भारत में होने जा रहा है। दुनिया के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी प्रतिष्ठित खिताब के लिए राजधानी दिल्ली में अपना दमखम दिखाएंगे। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। भारत 2009 के बाद पहली बार बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है। सात दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 64 पुरुष और 64 महिला खिलाड़ी सिंगल्स वर्ग में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा तीन डबल्स कैटेगरी में 48 जोड़ियां भी खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। टूर्नामेंट के मुकाबले आज से शुरू होंगे। पहले दिन पुरुष और महिला सिंगल्स ड्रॉ के टॉप हाफ के मुकाबले खेले जाएंगे। भारत का वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार रिकॉर्ड रहा है। देश ने 1983 में पहली बार पदक जीता था, जब प्रकाश पादुकोण ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। 2011 से भारत ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप के हर संस्करण में कम से कम एक पदक जीता है। लगातार 11 संस्करणों में भारत के खाते में कुल 14 पदक आए हैं। लगातार अच्छे प्रदर्शन के मामले में भारत की बराबरी केवल चीन ने की है।

पहले राउंड में शी युकी से भिड़ेंगे आयुष शेट्टी— 2026 के संस्करण में पुरुष सिंगल्स के पहले राउंड का एक बड़ा मुकाबला मौजूदा चैंपियन और टॉप सीड चीन के शी युकी तथा भारत के उभरते हुए खिलाड़ी आयुष शेट्टी के बीच होगा। वहीं, पूर्व चैंपियन पीवी सिंधू भी एक बार फिर खिताब की दौड़ में होंगी। सिंधू के नाम महिला सिंगल्स में सबसे ज्यादा वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल जीतने का संयुक्त रिकॉर्ड है। वह इस बार अपना छठा वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल जीतने के इरादे से उतरेंगी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें