साउथैम्पटन। इंग्लैंड में मिली करारी शिकस्त के साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। आईसीसी द्वारा जारी ताजा मेंस टी20 टीम रैंकिंग में इंग्लैंड ने भारत को शीर्ष स्थान से हटाकर नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा कर लिया है। मौजूदा टी20 वर्ल्ड चैंपियन भारत को अपने घर पर बुरी तरह हराने का इनाम इंग्लिश टीम को मिला है। दूसरी तरफ, लगातार दो सीरीज में बेहद खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम अब रैंकिंग में दूसरे स्थान पर खिसक गई है।
भारत को पहले पिछले महीने के अंत में आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था, और अब इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में उसे 4- 0 से करारी शिकस्त दी है। इस हार के साथ ही टी20 रैंकिंग में पिछले 1600 से अधिक दिनों से चली आ रही भारतीय टीम की बादशाहत का अंत हो गया है। भारत फरवरी 2022 में टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बना था, जिसके बाद से कोई भी टीम उसे नीचे नहीं ढकेल पाई थी। मार्च 2026 में अहमदाबाद में वर्ल्ड कप जीतने के बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी में एक नए दौर की शुरुआत कर रही भारतीय टीम को अभी भी अपनी पहली इंटरनेशनल जीत की तलाश है। इस पांच मैचों की सीरीज की शुरुआत चेस्टर-ले-स्ट्रीट में बारिश के कारण रद्द हुए मैच से हुई थी, जिसके बाद अगले चारों मैचों में इंग्लैंड ने पूरी तरह से दबदबा बनाए रखा। इस दौरान इंग्लैंड ने नॉटिंघम में भारत को टी20 इतिहास की उसकी सबसे बड़ी हार का स्वाद चखाया, तो वहीं ब्रिस्टल में खेले गए मैच में महज 13.4 ओवरों में 159 रनों के लक्ष्य को हासिल कर भारतीय टीम को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया था। टी20 में मिली इस ऐतिहासिक हार के बाद अब भारतीय टीम पर आगामी वनडे सीरीज में वापसी का भारी दबाव होगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




