श्रृंगेरी मठ के जगदगुरु शंकराचार्य विधुशेखर भारती सन्निधानम करीब 33 वर्षों बाद विजय यात्रा पर 21 से 23 नवम्बर तक इंदौर आएंगे।
शंकराचार्य बनने के बाद उनका यह पहला इंदौर प्रवास होगा जिसमें वे भक्तों को दर्शन, आशीर्वचन और आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। उनके साथ 60 से अधिक विद्वानों और आचार्यों का अतिविशिष्ट दल भी इंदौर आएगा।
इंदौर प्रवास में शंकराचार्यजी भगवान चन्द्रमौलीश्वर की तीन दिन की विशेष पूजा भी प्रतिदिन रात 8 बजे से प्रारम्भ करेंगे और आम भक्त भी इस पूजा के दर्शन कर सकेंगे। इसी तरह बैकुंठ चतुर्दशी की वर्ष की सबसे बड़ी विशेष पूजा भी शंकराचार्यजी अपने इस प्रवास के दौरान इंदौर में ही करेंगे।
श्रृंगेरी शंकराचार्य भक्त मंडल के प्रदेशाध्यक्ष आचार्य पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक ने बताया कि श्रृंगेरी पीठ के वर्तमान जगदगुरु विधुशेखर भारती सन्निधानम के गुरु और तत्कालीन शंकराचार्य जगदगुरु श्री श्री भारती तीर्थ महासन्निधानम भी 33 वर्ष पूर्व विजय यात्रा पर ही इंदौर आए थे।
अब गुरु परंपरा के उत्तराधिकारी के रूप में वर्तमान जगदगुरु शंकराचार्य करीब साढ़े तीन दशक पश्चात विजय यात्रा के रूप में आ रहे हैं। उन्हें मध्यप्रदेश सरकार की ओर से राजकीय अतिथि का दर्जा दिया गया है। आयोजन को लेकर बैठक का आयोजन भी किया।
राजेश गर्ग केटी,सत्यनारायण पटेल, डॉ. अक्षय बम, अरविन्द बागड़ी, गोविन्द सिंघल, धीरज खंडेलवाल, राजेश बंसल, शिव जिंदल एवं राजेश गर्ग, विष्णु बिंदल, अनुरोध जैन, सोमेन्द्र शर्मा, राजेश शर्मा, रवीन्द्र मेहता, कीर्ति जोशी, अशोक भट्ट, दीपेश व्यास की मौजूदगी में समिति का गठन किया गया।
शनिवार 21 नवम्बर को उनके नगर आगमन पर स्कीम 51 स्थित संगम नगर में स्वागत और दर्शन की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उनके सानिध्य में सुंदरकाण्ड के 108 सामूहिक पाठ, महाआरती, भक्तों को दर्शन और युवाओं के लिए विशेष आशीर्वचन के कार्यक्रम होंगे।
रविवार 22 नवम्बर को गीता भवन में शहर की 125 से अधिक धार्मिक सामाजिक संस्था और ट्रस्ट मंडलों की ओर से जगद्गुरु का नागरिक अभिनन्दन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी आयोजन का न्यौता दिया गया है।
23 नवम्बर को वे संगम नगर में भक्तों को दर्शन और आशीर्वचन के बाद शाम 4.30 बजे युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को प्रेरक उद्बोधन देकर महेश्वर के लिए प्रस्थित हो जाएँगे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 17 November 2026 के अंक में पृष्ठ 7 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

