मंत्री कैलाश विजयवर्गीय किसी भी धार्मिक आयोजन में पहुंचे और आयोजक उन्हें भजन गाने के लिए माइक नहीं थमाए ऐसा लगभग संभव नहीं है। विजयवर्गीय के भजन गाने की शैली प्रदेश भर में पहचानी जाती है। उसी तर्ज पर अब गौरव रणदिवे और गोलू शुक्ला ने भजन गाना शुरू किया। इधर विधायक के आयोजन में सांसद शंकर लालवानी भी थिरकते नजर आए।

विधायक गोलू शुक्ला के आयोजन में शहर के लगभग सभी जनप्रतिनिधि पहुंचे दिवाली मिलन के आयोजन में गायिका लक्ष्मी पाण्डे ने भजनों की प्रस्तुति दी। इस दौरान जब मंच पर शंकर लालवानी पहुंचे तो पाण्डे ने उन्हें धार्मिक रूप से नृत्य करने के लिए कहा, इस पर जब लालवानी ना नकुर करने लगे तो गायिका ने उन्हें अपनी सिग्नेचर स्टेप डमरू बजाते हुए याद दिलाई।
उल्लेखनीय है कि लालवानी की डमरू बजाते हुए यह स्टेप हड़तालिका तीज के आयोजन के बाद से ही जमकर वायरल हो चुकी है। इसके अलावा लालवानी सिंधी नृत्य भी करते हैं। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे भी पहुंचे। रणदिवे ने भी माइक थामा और दो भजन सुनाए, उनके साथ विधायक गोलू शुक्ला ने भी सुर मिलाए।
उल्लेखनीय है कि भजन गाने के लिए शहर में अब तक कैलाश विजयवर्गीय और उनके बाद आकाश विजयवर्गीय पहचाने जाते हैं, लेकिन शहर की राजनीति में चर्चित नए चेहरे भी अब माइक थामकर भजन गा रहे हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 17 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

