इंदौर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था को महज एक महीने में पटरी पर लाया जा सकता है, लेकिन इसके लिए नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को मिलकर मैदान संभालना होगा। स्वच्छता को फिर से जनआंदोलन बनाने के लिए जनता में जोश भरने के साथ ही फील्ड में लगातार निगरानी जरूरी है। महापौर से लेकर मंडल अध्यक्ष और नगर निगम आयुक्त से लेकर वार्ड के दरोगा तक यदि रोजाना सक्रिय रहें तो शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव आ सकता है। इसके लिए 24 घंटे निगरानी, नियमित निरीक्षण और गंदगी फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई जरूरी है।
2016-17 वाला जज्बा फिर जगाना होगा—
शहरवासियों को आज भी 2016-17 का वह दौर याद है, जब इंदौर में स्वच्छता अभियान की शुरुआत हुई थी। घरों के बाहर से कचरा पेटियां हटाने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और नागरिकों की भागीदारी से शहर ने स्वच्छता की नई पहचान बनाई। वेस्ट मैनेजमेंट और रीसाइक्लिंग में भी इंदौर ने देश के सामने उदाहरण पेश किया। अब जरूरत उसी पुराने जज्बे को फिर जगाने की है। जिन नागरिकों ने इंदौर को स्वच्छता में पहचान दिलाई, उन्हें दोबारा अभियान से जोड़ना होगा।
महापौर की टीम को संभालना होगा मोर्चा-
महापौर की अगुवाई में जनप्रतिनिधियों और संगठन की टीम वार्ड स्तर पर सक्रिय हो तो सफाई अभियान को जनआंदोलन बनाया जा सकता है। इसकी जिम्मेदारी इस तरह तय की जा सकती है।
महापौर की टीम की
जिम्मेदारी- 1. महापौर स्वयं रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण करें। 2. क्षेत्रीय पार्षद अपने वार्ड में सफाई व्यवस्था की निगरानी करें। 3. मंडल अध्यक्ष और भाजपा कार्यकर्ता नागरिकों को अभियान से जोड़ें।
4. सामाजिक संगठनों और रहवासी संघों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाएं। 5. गंदगी फैलाने वाले स्थानों को चिह्नित कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाएं।
आयुक्त की टीम को कसनी होगी जवाबदेही-नगर
निगम आयुक्त फिलहाल फील्ड में सक्रिय हैं, लेकिन अकेले आयुक्त के निरीक्षण से पूरे शहर की व्यवस्था नहीं सुधर सकती। इसके लिए निगम की पूरी प्रशासनिक मशीनरी को मैदान में उतरना होगा।
नगर निगम आयुक्त की टीम की जिम्मेदारी- 1. अपर
आयुक्तों को अलग-अलग जोन की जिम्मेदारी सौंपना।
2. सफाई नियंत्रक अपर आयुक्त नियमित मॉनिटरिंग करें। 3. सीएसआई और सहायक सीएसआई वार्डवार सफाई की समीक्षा करें।
4. दरोगा और सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति तथा काम की निगरानी हो।
5. एनजीओ के कर्मचारी घर- घर जाकर नागरिकों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करें।
निगरानी होगी तो जनता
भी जुड़ेगी- स्वच्छता विशेषज्ञों के मुताबिक इंदौर की सबसे बड़ी ताकत उसकी जनभागीदारी रही है। यदि एक महीने तक जनप्रतिनिधि और निगम अधिकारी लगातार मैदान में रहकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करें, तो बदलाव दिखाई देने लगेगा। सिर्फ सफाई कर्मचारियों के भरोसे शहर स्वच्छ नहीं हो सकता, इसके लिए नागरिकों की जिम्मेदारी भी तय करनी होगी। कचरा सड़क पर फेंकने, खुले में कचरा डालने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान चलाना होगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 16 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

