प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में 26 नवम्बर को पैदल मार्च का ऐलान किया है। इस दिन भोपाल में भाजपा के वोट चोरी, भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ कांग्रेस का विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा। कांग्रेस का दावा है कि पैदल मार्च में 1 लाख से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदेश के सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ, संगठन के अलावा हर जिला के विधानसभा प्रभारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष भी इस पैदल मार्च में शामिल होंगे। पटवारी ने बताया कि पैदल मार्च के माध्यम से भाजपा सरकार के खिलाफ जनआवाज को बुलंद किया जाएगा और प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा।
कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है। कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, विधायक, सांसद और विधायक उम्मीदवार, निकाय के जनप्रतिनिधि और उम्मीदवार और सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ, पदाधिकारी, सदस्य को भोपाल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
एक लाख कांग्रेसियों की मौजूदगी में भाजपा के कुचक्र, वोट चोरी, भ्रष्टाचार और प्रदेश में बढ़ती अराजकता के मुद्दे को आम जनता से सीधे जोड़ा जा सकेगा। यह केवल कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के लोकतंत्र, जन अधिकारों और जनता की आवाज को बुलंद करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा।
पटवारी और नायक ने बताया कि कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोगों को भी इस पैदल मार्च से जोड़ा जाएगा और इसे विरोध का ऐतिहासिक मार्च बनाया जाएगा। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हो रहे हमलों के खिलाफ कांग्रेस पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएगी।
इधर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे एवं संगठन महामंत्री संजय बाकलीवाल ने बताया कि इस पैदल मार्च के लिए शहर कांग्रेस भी बड़ी तैयारी करेगी। हर विधानसभा से ब्लॉक और मंडलम अध्यक्षों को लक्ष्य दिया जाएगा और विधानसभा प्रभारी के नेतृत्व में बसों में भरकर भीड़ भोपाल भेजी जाएगी।
कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कारों के माध्यम से भी भोपाल पहुंचेंगे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 16 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

