इंदौर नगर निगम के द्वारा राऊ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रंगवासा में 4 करोड़ रुपए की लागत से कम्युनिटी हॉल का निर्माण किया जाएगा। इसी स्थान पर निगम के द्वारा गरीब नागरिकों के निवास के लिए बिल्डिंग बनाई गई है। इस बिल्डिंग में रहने वाले लोगों को सुविधा देने के लिए यह निर्माण किया जाएगा।
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत इंदौर नगर निगम के द्वारा शहर के बहुत सारे क्षेत्र में अलग-अलग भवन का निर्माण किया गया है। इन भवनों में शहर भर के गरीब लोगों को निवास के लिए स्थान उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही जिन स्थानों पर नगर निगम के द्वारा सड़क को चौड़ा करने का काम किया जा रहा है उन स्थानों पर जिन लोगों के मकान पूरी तरह से टूट जाते हैं उन लोगों को भी निगम के द्वारा इन भवनों में फ्लैट का आवंटन कर आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
इस आवास योजना के तहत निर्मित किए गए भवन में रहने वाले लोगों के द्वारा अब दूसरी सुविधाओं की मांग भी निगम के समक्ष की जाने लगी है।
जिसमें खास तौर पर कम्युनिटी हॉल जैसी सुविधा मांगी जा रही है ताकि इन भवनों में रहने वाले लोग अपने सामाजिक धार्मिक और खास तौर पर वैवाहिक कार्यक्रम का आयोजन इस स्थान पर कर सकें और उन्हें स्थान के किराए के रूप में ज्यादा राशि नहीं देनी पड़े।
इस तरह की मांग के चलते हुए नगर निगम के द्वारा रंगवासा के सिंदोडा गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित किए गए भवनों के पास में कम्युनिटी हॉल का निर्माण करने और साथ ही क्षेत्र का विकास करने की योजना तैयार की गई है। इस योजना पर 4 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। इस कार्य को करने में 1 साल का समय लगेगा।
नगर निगम के द्वारा इस प्रोजेक्ट को मंजूर करने के साथ ही इस काम को अंजाम देने के लिए ठेकेदार के चयन की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हम इस योजना को क्रियान्वयन की राह पर आगे ले जाएंगे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 17 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

