मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग (पीएससी) राज्य सेवा मुख्य परीक्षा का उत्तरपुस्तिकाएं दिखाने के मामले में मिस मैनेजमेंट सामने आया है। पहले ही राज्य सेवा परीक्षा 2019 के अभ्यर्थियों को पांच साल इंतजार करना पड़ा। अब कोर्ट के आदेश के भी पांच माह होने जा रहे है।
अभी तो सवाल यह है कि क्या पीएससी दिसंबर में भी कॉपियां दिखा पाएगा? पहले कहा गया था कि उतर पुस्तिकाएं दिखाने की शुरुआत नवंबर के पहले और फिर चौथे सप्ताह से होगी। इसके लिए नवंबर के पहले सप्ताह से आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाना थी। लेकिन अभी आठ दिन और नहीं हो पाएगी। इसके लिए अलग से पोर्टल तो बन गया है, लेकिन ट्रायल के बाद इसे शुरू किया जाएगा।
सबसे पहले राज्य सेवा मुख्य परीक्षा- 2019 की उत्तरपुस्तिकाएं दिखाई जाएंगी।
क्या है पीएससी की योजना
इसके बाद 2020 से 2024 तक की परीक्षाओं की कॉपियां दिखाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पीएससी मुख्यालय में इसके लिए अलग सिस्टम तैयार किया जा रहा है। कम्प्यूटर सिस्टम के जरिए अभ्यर्थी निश्चित समय सीमा में कॉपियां देख सकेंगे।
हद तो यह है कि आवेदन की प्रक्रिया सितंबर में शुरू होना थी, लेकिन देरी हो गई है। पीएससी का कहना था कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक प्रक्रिया शुरू करने की कोशिश करेंगे फिर कहा कि पोर्टल के तकनीकी पहलुओं पर काम पूरा होने के बाद ही आवेदन शुरू हो पाएंगे। नवंबर में उत्तर पुस्तिकाएं दिखाने की प्रक्रिया शुरू कर देंगे, लेकिन अब जनवरी तक बात जाती दिख रही है।
मुख्यालय में रहेगी बैठक व्यवस्था
पीएससी मुख्यालय में बैठक व्यवस्था रहेगी। कम्प्यूटर सिस्टम पर कुछ सेकंड में लिंक खुलेगी और अभ्यर्थी अपनी उत्तर पुस्तिकाएं देख सकेंगे। मुख्य परीक्षा में छह पेपर होते हैं। हर परीक्षा के लिए औसत 100 या उससे ज्यादा अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। इस दौरान कम्प्यूटर सिस्टम पर ऑनलाइन उत्तरपुस्तिकाएं दिखाई जाएंगी। पीएससी की तरफ से 2019 से 2024 तक की कॉपियां दिखाई जाना हैं। पूरी प्रक्रिया में चार से पांच माह का समय लगेगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तय होगा कि किस दिन, किस अभ्यर्थी का नंबर आएगा। अभ्यर्थियों को पता चलेगा कि उन्हें कब और कौन से समय पर पहुंचना है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 16 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

