स्टार चौराहे के पास में स्थित कृष्ण बाग कॉलोनी में 73 मकान तोड़ने की कार्रवाई आज एक बार फिर टल गई है। कार्रवाई टलने के पीछे पुलिस बल के नहीं मिलने का कारण बताया गया है। इसके साथ ही क्षेत्र के लोगों के द्वारा भी कार्रवाई को एक-दो दिन आगे बढ़ाने की अपील प्रशासन से की गई थी।
जिला प्रशासन के द्वारा सरकारी जमीन पर कॉलोनी का निर्माण कर लोगों के द्वारा मकान बना लिए जाने के कारण कृष्ण बाग कॉलोनी में 73 मकान तोड़ने का फैसला लिया गया था। इस फैसले का क्रियान्वयन करने के लिए नगर निगम की ओर से मकान वालों को नोटिस देने से लेकर बाकी सारी कागजी कार्रवाई कर ली गई है।
जूनी इंदौर क्षेत्र के एसडीएम घनश्याम धनगर के द्वारा कल सोमवार को ही इन सभी मकानों को तोड़ने की तैयारी की गई थी। कल ऐन मौके पर पुलिस के द्वारा बल नहीं दिए जाने के कारण यह कार्रवाई नहीं हो पाई थी। ऐसी स्थिति में आज यह कार्रवाई की जाने वाली थी। प्रशासन के द्वारा बताया गया है कि आज भी पुलिस बल नहीं मिलने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी है।
इसी बीच कल सोमवार को दोपहर में कलेक्टर शिवम वर्मा से मिलने के लिए इस कॉलोनी के रहने वाले लोग आए थे। इन लोगों ने कलेक्टर से एक-दो दिन का वक्त देने का आग्रह किया था। इस कॉलोनी के अवैध कब्जे को हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट से भी आदेश हो चुका है। इस कॉलोनी में रहने वाले लोग गरीब वर्ग के हैं।
इन लोगों के द्वारा अपने जीवन भर की कमाई को लगाकर यहां पर मकान बनाया गया है। पिछले चार दिनों से इस कॉलोनी में रहने वाले लोग रीगल चौराहे पर गांधी प्रतिमा के आसपास अपने नारे लिखे बैनर लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। ये लोग इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 17 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

