बुधवार, 18 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

बारात में नोट लूटने की होड़ के दौरान युवक की संदिग्ध मौत

परिजनों की शिकायत नहीं, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

खजराना थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां बारात में शामिल होने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बारात में उड़ाए जा रहे नोटों को लूटने के चक्कर में मची भगदड़ और भीड़ में दबने से युवक की जान जाने की बात कही जा रही है।

हालांकि, परिजनों ने किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत का असल कारण स्पष्ट होने की बात कही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आसिफ पिता अहमद (37) निवासी बडला, खजराना के रूप में हुई है। आसिफ एक शादी समारोह की बारात में शामिल होने गया था।

सूत्रों के मुताबिक, बारात के दौरान आसमान में नोट उड़ाए जा रहे थे, जिन्हें लूटने के लिए अचानक लोगों की भारी भीड़ टूट पड़ी। इसी हड़बड़ी और खींचतान के बीच आसिफ भीड़ के नीचे दब गया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। खजराना थाना प्रभारी के.पी. यादव के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मृतक के परिजनों से संपर्क किया।

परिजनों ने इस मामले में फिलहाल किसी भी तरह की कोई शंका या शिकायत दर्ज कराने से मना कर दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए और निष्पक्ष जांच व पुलिस की संतुष्टि के लिए मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।

थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आसिफ की मौत भीड़ में दबने व दम घुटने से हुई है या फिर उसे अचानक साइलेंट अटैक आया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

100 के बाद निकली थी 500 की गड्डी

बताया जा रहा कि बारात में पहले 100 रुपये के नोट उड़ाए जा रहे थे जिसके बाद जैसे ही दुल्हे के परिजन ने 500 रुपये की गड्डी निकाली तो भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 16 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 16 November 2026, पृष्ठ 12