बुधवार, 18 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

85 वार्डों में सर्वे कर बंद होंगी नर्मदा की पुरानी लाइनें, दोहरी जल सप्लाय पर लगेगी रोक

गर्मी में जलसंकट से निपटने निगमायुक्त का फैसला, 50 से ज्यादा क्षेत्रों में नई और पुरानी दोनों लाइनों से हो रही सप्लाय

गर्मी में शहर को संभावित जलसंकट से बचाने के लिए नगर निगम ने अभी से पानी की बचत की कवायद शुरू कर दी है। शहर में जहां अमृत योजना के तहत नर्मदा की नई पाइप लाइन डालकर पानी की सप्लाय शुरू कर दी गई है, वहां अब पुरानी पाइप लाइन से होने वाली सप्लाय बंद की जाएगी। इसके लिए सभी 85 वार्डों में सर्वे कराया जाएगा। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने जलप्रदाय विभाग के उपयंत्री, सहायक यंत्री और जोनल अधिकारियों को 30 दिन में सर्वे कर पुरानी लाइनें डिस्कनेक्ट करने के निर्देश दिए हैं।

नई लाइन चालू तो पुरानी रखने

की जरूरत नहीं- शहर के कई क्षेत्रों में अमृत योजना के तहत नई नर्मदा पाइप लाइन डालने के बाद भी पुरानी लाइन से पानी की सप्लाय जारी है। ऐसे में एक ही क्षेत्र में दो अलग-अलग लाइनों से पानी पहुंच रहा है। निगम अब इन क्षेत्रों का सर्वे कर यह सुनिश्चित करेगा कि नई लाइन पूरी तरह चालू है और उससे जल वितरण में कोई तकनीकी समस्या नहीं है। इसके बाद पुरानी लाइन को डिस्कनेक्ट कर दिया जाएगा। यानी संबंधित क्षेत्र में केवल एक ही लाइन से पानी की सप्लाय होगी।

430 एमएलडी पानी मिल

रहा, बचत जरूरी- निगमायुक्त ने अधिकारियों को एक महीने में यह काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि इंदौर को नर्मदा से मिलने वाला पानी सीमित मात्रा में उपलब्ध है। वर्तमान में शहर को प्रतिदिन करीब 430 एमएलडी पानी मिल रहा है। ऐसे में पानी की बचत करना जरूरी है। दोहरी सप्लाय बंद होने से बचने वाले पानी को उन क्षेत्रों में पहुंचाया जा सकेगा, जहां फिलहाल जलसंकट की स्थिति बनी हुई है।

50 से ज्यादा क्षेत्रों में दिन में दो

बार सप्लाय- शहर के 50 से अधिक क्षेत्रों में प्रतिदिन दो बार पानी पहुंच रहा है। इसमें एक बार पुरानी और दूसरी बार नई पाइप लाइन से सप्लाय होती है। जोन क्रमांक 7, 8, 9, 10, 18 और 22 के कई क्षेत्रों में यह स्थिति बनी हुई है। निगम का मानना है कि दोहरी जल वितरण व्यवस्था बंद होने से पानी की अनावश्यक खपत रुकेगी और उपलब्ध नर्मदा जल का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 15 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 15 November 2026, पृष्ठ 4