बुधवार, 18 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

कार्यपरिषद में हुई थी तकरार, डीएवीवी ने बना दी मजबूत सुरक्षा दीवार

तक्षशिला परिसर अब 15 फीट ऊंची मजबूत दीवार से घिरा, काम हुआ पूरा

कार्यपरिषद में हुई थी तकरार, डीएवीवी ने बना दी मजबूत सुरक्षा दीवार
कार्यपरिषद में हुई थी तकरार, डीएवीवी ने बना दी मजबूत सुरक्षा दीवार (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी की जमीन पर लगातार कब्जे की शिकायतों को लेकर पिछले साल कार्यपरिषद बैठक में बवाल मचा था। जमकर तकरार हुई थी। अब डीएवीवी ने अपने खंडवा रोड स्थित तक्षशिला परिसर को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया है। मजबूत सुरक्षा दीवार बनकर तैयार हो गई है। यह करीब 15 फीट ऊंची है। अब यहां कोई नहीं घुस सकेगा, न कोई भीतर की तरफ गुमटियां लगा सकेगा। डीएवीवी ने भंवरकुआं चौराहे से आईटी पार्क चौराहे तक के हिस्से में मजबूत सुरक्षा दीवार बनाकर तैयार कर दी है।

ऐसे मचा था बवाल

लगातार कब्जे और सुरक्षित दीवार नहीं होने पर तब सदस्यों ने जमकर नाराजगी जताई थी। यही नहीं अन्य विभागों को अलॉट किए जाने का मुद्दा कार्यपरिषद की बैठक में चर्चा में रहा था। बैठक में इस मुद्दें पर सदस्यों के बीच काफी देर चर्चा हुई थी।

सदस्यों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन से कहा कि किसी भी स्थिति में यूनिवर्सिटी की एक इंच जमीन भी अब किसी के पास नहीं जाना चाहिए। पुराने कब्जे, अतिक्रमण भी हटाने की मुहिम शुरू की जानी चाहिए। तय किया गया था कि अब एक इंच जमीन भी कार्यपरिषद की मंजूरी के बाद ही किसी विभाग को दी जाएगी। जमीन से जुड़े निर्णय कार्यपरिषद ही करेगी।

कुलपति प्रो. राकेश सिंघई ने कहा था कि कई प्रोजेक्ट व नए विभागों के लिए जमीन की जरूरत है, इसलिए अब जमीनों को अतिक्रमण मुक्त किए जाने पर भी काम शुरू करेंगे।

अतिक्रमण का मुद्दा डीएवीवी में पिछले कई सालों से चर्चा में है। इसकी राजभवन व मुख्यमंत्री से भी लिखित शिकायत की गई थी। उसके बाद प्रोफेसर भी मैदान में आ गए थे। उन्होंने कहा था कि नालंदा कैंपस के बाद अब धीरे- धीरे तक्षशिला परिसर में भी कब्जों का डर है।

जहां अतिक्रमण की स्थिति बनती दिख रही है, वहां नए विभागों के भवन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा सकता है। डीएवीवी को स्कूल ऑफ एविएशन व एक स्कूल ऑफ आर्किटेक्ट शुरू किया गया है। इनके नए भवन बनाए जाना है। कार्यपरिषद की बैठक में एक सदस्य ने यह मुद्दा उठाया था और कहा था कि यूनिवर्सिटी को अब जमीन बचाने पर गंभीरता से काम करना चाहिए।

कुलपति ने कहा था कि अब जमीन संबंधी निर्णय कार्यपरिषद की सहमति से ही होंगे। तब बैठक में कुलपति ने यूटीडी में चल रही रिसर्च पर अपना प्रेंजेटेशन दिया था। उन्होंने बताया था कि एएनआरएफ में आईआईटी इंदौर के साथ सक्षम परियोजना के अंतर्गत लगभग 25 करोड़ की राशि विश्वविद्यालय को प्राप्त हुई है।

जबकि फैकल्टी द्वारा किए जाने वाले शोध, रिसर्च पब्लिकेशन, पेटेंट के बारे में भी उन्होंने विस्तार से बताया था।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 17 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 17 November 2026, पृष्ठ 8