एक आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की 96 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद, वाहन सहित कुल 12 लाख रुपये की सामग्री जब्त। वृत्त महू-अ, इंदौर क्षेत्र में गश्त के दौरान सोनवाय टोल के पास सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम द्वारा एक टाटा मैजिक टेम्पो की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से विभिन्न ब्रांड की कुल 96 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई। बरामद अवैध मदिरा में लंदन प्राइड व्हिस्की की 3 पेटी, आइकॉनिक व्हिस्की की 1 पेटी, लंदन प्राइड ऑरेंज वोदका की 2 पेटी, बोल्ट बीयर की 2 पेटी तथा देशी मदिरा प्लेन की 2 पेटी शामिल हैं। इस प्रकार कुल 10 पेटी अवैध मदिरा बरामद की गई। बरामद मदिरा एवं वाहन का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 12 लाख रुपये बताया गया है। आबकारी विभाग द्वारा बरामद मदिरा एवं वाहन को विधिवत कब्जे में लेते हुए आरोपी अमित पिता अरविंद तिवारी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी एक्ट के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। अधिकारी कमलेश सोलंकी, मनोज अग्रवाल के निर्देश पर हुई कार्रवाई में निधि शर्मा, जयेश वास्केल, कमलेश निहोरे, विवेक कनाडे, अर्जुन धुर्वे की भूमिका सराहनीय रही।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




