इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में वाहन निकालने की मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि बाइक सवार दो युवकों ने एक राहगीर के साथ जमकर गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने पीड़ित की खड़ी हुई मोटरसाइकिल को भी धक्का देकर गिरा दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ज्ञानशिला सुपर सिटी निवासी ओमेंद्र सिंह पिता हरनाथ सिंह अपनी मोटरसाइकिल से भारतमाता चौराहा, ज्ञानशिला सुपर सिटी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य मोटरसाइकिल चालक क्र. एमपी 09 एई 7087 और उसके साथ पीछे बैठे साथी ने अपनी बाइक तेजी से और जबरदस्ती ओमेंद्र की गाड़ी के आगे से निकाली। इस दौरान उनकी बाइक का टायर ओमेंद्र की गाड़ी से रगड़ा गया। इस पर जब ओमेंद्र ने आपत्ति जताते हुए कहा कि ठीक से गाड़ी क्यों नहीं चला रहे हो, तो दोनों आरोपी आग बबूला हो गए और गालियां देने लगे। विवाद बढ़ाने की नीयत से वे ओमेंद्र के पास आए और उनकी खड़ी हुई मोटरसाइकिल को टल्ला मारकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद भी जब उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो वे बाइक से उतरकर चौराहे पर ही पीड़ित के साथ लात-घूंसों से मारपीट करने लगे। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। लसूड़िया थाना पुलिस ने आरोपियों अर्जुन और कालू दोनों निवासी ज्ञानशिला सुपर सिटी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 10 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



