इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ उसके ही रिश्ते के भाई द्वारा छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का मामला प्रकाश में आया है। घर पर अकेला पाकर आरोपी ने नापाक हरकत को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन ऐन वक्त पर परिजनों के आ जाने से वह मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने थाने पहुंचकर अपनी मां के साथ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी जो उसकी ताई का बेटा है उनके घर आया था। घर पर बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे कहा कि वह उसके चेहरे पर डी-टेन लगा दे। रिश्ते के भाई की बात पर विश्वास करते हुए जब पीड़िता उसके चेहरे पर डी-टेन लगाने लगी, तो आरोपी की नीयत खराब हो गई। उसने मौके का फायदा उठाकर पीड़िता के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी और जबरदस्ती उसकी कुर्ती ऊपर खींचने का प्रयास करने लगा। अपने साथ हो रही इस अभद्रता और जबरदस्ती से घबराकर पीड़िता जोर-जोर से चिल्लाने लगी। चीख- पुकार की आवाज सुनकर घर के दूसरे हिस्से में मौजूद उसकी मां और बहन तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। परिजनों को अपनी ओर आते देख आरोपी हड़बड़ा गया और मौके से भाग निकला। घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे तुरंत थाने पहुंचे। परदेशीपुरा थाना पुलिस ने नाबालिग पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 11 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



