राऊ थाना क्षेत्र के रंगवासा गांव में जमीन के वैध सीमांकन और तार फेंसिंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। खेत पड़ोसी ने तहसीलदार के आदेश पर हुए सीमांकन से रंजिश रखते हुए न केवल अभद्र गालियां दीं, बल्कि खेत की बाउंड्री के खंभे उखाड़कर जमीन पर कब्जा करने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़ित किसान की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, रंगवासा के शिव चौक निवासी सुनील सिंघवी पिता राधेश्याम सिंघवी ने राऊ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका खेत रंगवासा क्षेत्र में स्थित है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि गत 7 सितंबर को राऊ तहसीलदार के आदेशानुसार उनके खेत का आधिकारिक सीमांकन किया गया था, जिसके बाद उन्होंने अपनी जमीन की सुरक्षा के लिए बाउंड्री पर तार फेंसिंग करवाई थी। इसी बात से नाराज होकर उनका खेत पड़ोसी संतोष पिता रामेश्वर चौधरी, निवासी रंगवासा। वहां पहुंचा और विवाद करने लगा। आरोपी संतोष ने तहसीलदार द्वारा किए गए सीमांकन और तार फेंसिंग का विरोध करते हुए फरियादी सुनील सिंघवी को गालियां देना शुरू कर दिया। जब फरियादी ने उसे गालियां देने से मना किया, तो आरोपी और आक्रामक हो गया। उसने खेत पर जबरन कब्जा करने की नीयत से बाउंड्री पर लगाए गए सीमेंट और लोहे के खंभों को उखाड़ दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर आरोपी ने सुनील सिंघवी और उनके भाई को जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



