सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

गांधी नगर में जमीन का कब्जा, बोर्ड हटाने को लेकर हुआ विवाद

दंपती ने खेत मालिक से की मारपीट

इंदौर। गांधी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ा बांगड़दा में जमीन के वैध कब्जे को लेकर हुए विवाद का मामला सामने आया है। राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा कब्जा दिलाए जाने के बाद जमीन पर लगाए गए बोर्ड को हटाने को लेकर हुए विरोध पर एक महिला और उसके पति ने खेत मालिक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, नंदनगर, परदेशीपुरा निवासी 50 वर्षीय राजेश पिता दामोदर काले की ग्राम बड़ा बांगड़दा में कृषि भूमि स्थित है। हाल ही में राजस्व विभाग के आरआई और पटवारी द्वारा वैधानिक प्रक्रिया के तहत उन्हें उक्त जमीन पर कब्जा दिलाया गया था, जिसके बाद फरियादी ने अपनी जमीन की सुस्पष्ट जानकारी के लिए वहां स्वामित्व का बोर्ड लगवा दिया था। घटना के कुछ समय बाद आरोपी अभिषेक सोनकर और उसकी पत्नी मंजू सोनकर निवासी छत्रपति नगर, एरोड्रम मौके पर पहुंचे और जमीन पर लगे उस बोर्ड को उखाड़ने लगे। अपनी जमीन पर हो रही इस हरकत को देख जब राजेश ने आपत्ति जताई और उनसे पूछा कि वे सरकारी कार्रवाई के बाद वैध रूप से कब्जाई गई जमीन का बोर्ड क्यों निकाल रहे हैं, तो दोनों आरोपी आग बबूला हो गए। आरोपियों ने पीड़ित के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गालियां देना शुरू कर दिया, जिससे वहां मौजूद आसपास के लोगों को भी असुविधा हुई। जब राजेश ने उन्हें गाली देने से रोका, तो अभिषेक और उसकी पत्नी ने मिलकर उनके साथ थप्पड़-मुक्कों से जमकर मारपीट कर दी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 10 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 10 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 9