बुधवार, 18 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

निगम का नामांतरण घोटाला दब गया

साइबर पुलिस में शिकायत करने के बाद शांत बैठ गए अधिकारी

इंदौर नगर निगम में हुआ नामांतरण घोटाला दब गया है। इस मामले में साइबर पुलिस में शिकायत करने के बाद अधिकारी शांत बैठ गए हैं। जिम्मेदार अधिकारियों पर अभी तक कोई दमदार कार्रवाई नहीं हो सकी है। अब निगम के अधिकारियों का कहना है कि जो कार्रवाई करनी होगी वह पुलिस करेगी।

इंदौर नगर निगम में किसी भी मामले के दोषी अधिकारियों को बचाने का बहुत अच्छा रास्ता ढूंढ लिया गया है। जब भी बड़े अधिकारियों को लगता है कि उनकी पसंद का अधिकारी किसी मामले में उलझ गया है तो उस अधिकारी को बचाने के लिए कोई कार्रवाई करने के बजाय पुलिस में शिकायत भेजने का काम कर दिया जाता है।

ऐसा करने के साथ नगर निगम अपने अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने से पल्ला झाड़ लेता है और सारी कार्रवाई का काम पुलिस के भरोसे छोड़ दिया जाता है। पुलिस भी निगम के द्वारा भेजी जाने वाली शिकायतों में से अधिकांश शिकायतों में तो मुकदमा ही दर्ज नहीं करती है।

जिनमें मुकदमा दर्ज हो जाता है उसमें जांच इतनी लंबी चल जाती है कि दोषी के खिलाफ कार्रवाई की बारी आ ही नहीं पाती है। नगर निगम का चर्चित नामांतरण घोटाला भी अधिकारियों के इसी तरह के खेल का शिकार हो गया है।

पूरे शहर को चौंका देने वाले इस घोटाले में निगम के अधिकारियों ने संपत्ति के मालिक को मालूम भी नहीं पड़ने दिया और उसकी संपत्ति को किसी दूसरे के नाम पर ट्रांसफर कर दिया। इतना हैरतअंगेज काम करने के बावजूद इन अधिकारियों के खिलाफ अभी तक नगर निगम के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

निगम के अपर आयुक्त आकाश सिंह के द्वारा इस मामले की शिकायत साइबर पुलिस को कर दी गई है। यह पूरा घोटाला ऑनलाइन सिस्टम को क्रैक करके किया गया है। इस आधार पर साइबर पुलिस को शिकायत की गई है। साइबर पुलिस के द्वारा इस शिकायत को प्राप्त करने के बाद उसकी जांच शुरू कर दी गई है। अभी यह जांच अपनी गति से चल रही है।

इसी बीच इस मामले के दोषी अधिकारी आनंद के साथ अपने काम को निपटाने में लगे हुए हैं।

खूब घोटाले लेकिन कार्रवाई छोटी-छोटी

निगम के राजस्व विभाग में घोटाले तो खूब होते हैं। जब भी कोई घोटाला सामने आता है और कार्रवाई करने के लिए दबाव बन जाता है तो इस विभाग के अधिकारियों के द्वारा दोषियों के खिलाफ छोटी-छोटी कार्रवाई की जाती है। उनकी रुचि इन आरोपियों को बचाने में लगी रहती है। यह राजस्व विभाग निगम की कमाई के लिए चर्चित विभागों में माना जाता है। इस विभाग में पूर्व में गबन घोटाले कर चुके आरोपी आज भी मुख्य धारा में प्रमुख जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए नजर आ रहे हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 16 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 16 November 2026, पृष्ठ 4