इंदौर। पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद और जबरन घुसपैठ का एक मामला सामने आया है, जहां आरोपियों ने एक फ्लैट का ताला तोड़कर न सिर्फ भारी तोड़फोड़ की, बल्कि घर में रखा कीमती सामान और आभूषण भी गायब कर दिए। पुलिस ने आवेदिका के बंयानों और जांच में पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, कटजू कॉलोनी निवासी शोभा पति हरिश मिरानी ने पंढरीनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना जवाहर नगर स्थित आवेदिका के फ्लैट की है। शिकायत और जांच में सामने आया कि गत 23 अगस्त को अनावेदक मनीष होतवानी और ठेकेदार उस्मान गनी उर्फ राजा पिता मोहम्मद इस्माइल ने बिना किसी वैध अनुमति या कानूनी अधिकार के आवेदिका के जवाहर नगर स्थित फ्लैट में अवैध रूप से प्रवेश किया। आरोपियों ने फ्लैट के अंदर जमकर तोड़फोड़ की, दीवारों व दरवाजों को नुकसान पहुंचाया और घर के सामान को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। फरियादिया द्वारा दी गई रिपोर्ट और जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इस तोड़फोड़ के दौरान घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, घड़ियां और अन्य कीमती घरेलू सामान गायब पाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आवेदिका शोभा मिरानी के कथनों और साक्षियों के बयानों के आधार पर तकनीकी व मैदानी जांच की। जांच में अनावेदकगण की संलिप्तता की पुष्टि होने पर पंढरीनाथ थाना पुलिस ने मनीष होतवानी और ठेकेदार उस्मान गनी उर्फ राजा के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



