इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में स्प्रे पेंटिंग के दौरान उड़े रंगों को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। आरोपी पिता-पुत्र ने घर के अंदर कलर आने की बात पर समझाइश देने गए एक व्यक्ति और उसकी भाभी के साथ लात-घूंसों से मारपीट कर दी, जिसमें एक पीड़ित के अंगूठे में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मदीना नगर निवासी 56 वर्षीय महबूब खान पिता अब्दुल रहमान ने आजाद नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वे और उनकी भाभी शाकिरा बी घर पर मौजूद थे, तभी पास ही स्थित एक अलमारी के कारखाने में आरोपी अब्दुल बारी और नावेद खान मिलकर कलर स्प्रे से अलमारियों पर रंगाई कर रहे थे। स्प्रे पेंटिंग के दौरान उड़ने वाला रंग हवा के साथ सीधे फरियादी की भाभी शाकिरा के घर के अंदर तक आ रहा था, जिससे उन्हें परेशानी हो रही थी। इसी बात की शिकायत करने और समझाइश देने के लिए महबूब खान और उनकी भाभी शाकिरा दोनों आरोपियों के पास पहुंचे। उन्होंने आरोपियों से कहा कि वे अपना शटर गिराकर या सावधानी से कलर स्प्रे का काम करें ताकि दूसरों को दिक्कत न हो। इसी बात पर आरोपी नावेद और उसके पिता अब्दुल बारी आग बबूला हो गए और गालियां देने लगे। जब महबूब खान ने उन्हें गाली देने से मना किया, तो दोनों ने मिलकर उनके और उनकी भाभी शाकिरा बी के साथ हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ मारपीट कर दी। इस झड़प में फरियादी महबूब खान के दाहिने हाथ के अंगूठे में चोट आई है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



